'पीएम मोदी मेरा फोन टैप करवा रहे हैं', राहुल गांधी ने किया बड़ा दावा

HIGHLIGHTS
- राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर फोन टैपिंग कराने का आरोप लगाया।
- एक्स पर पोस्ट कर राहुल गांधी ने दावा किया कि पीएम मोदी उनका फोन टैप करवा रहे हैं।
- भारतीय युवा कांग्रेस के वीडियो में राहुल गांधी फोन टैपिंग का सबूत अपने फोन में होने की बात कहते नजर आए।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर फोन टैपिंग कराने का आरोप लगाया है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए दावा किया कि पीएम मोदी उनका फोन टैप करवा रहे हैं। इस आरोप के साथ उन्होंने एक बार फिर प्रधानमंत्री को आमने-सामने बैठकर खुली बहस करने की चुनौती दी है।
भारतीय युवा कांग्रेस के एक्स अकाउंट पर साझा किए गए एक वीडियो में राहुल गांधी यह कहते हुए नजर आ रहे हैं, ''इसका सबूत यहां है। मेरे इस फोन में है। प्रधानमंत्री को इसकी जानकारी है, क्योंकि वह मेरा फोन टैप करवाते हैं। जिस दिन वह आमने-सामने की बहस के लिए आएंगे, उस दिन सभी को पता चल जाएगा कि विदेशी ताकतों के नियंत्रण में कौन है, देशविरोधी कौन है और वह कब से देशविरोधी गतिविधियों में शामिल है।''
राहुल गांधी ने आगे कहा कि इसके अलावा भी उनके पास कई ऐसी जानकारियां हैं, जिनके बारे में उन्हें पता है और जो उनके फोन में मौजूद हैं। भारतीय युवा कांग्रेस ने भी पीएम मोदी को राहुल गांधी की चुनौती देते हुए एक्स पर लिखा, ''प्रधानमंत्री जी, कैमरे के सामने भाषण तो बहुत हुए। अब बिना टेलीप्रॉम्प्टर, बिना स्क्रिप्ट, राहुल गांधी के सामने बैठकर सवालों के जवाब देने की हिम्मत दिखाइए।''
वहीं, राहुल गांधी के फोन टैपिंग के आरोपों पर भाजपा ने पलटवार किया है। पार्टी ने कहा कि राहुल गांधी सुर्खियों में बने रहने के लिए इस तरह की बातें करते रहते हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.