तृणमूल नेता जहांगीर खान को राहत, मकान तोड़ने पर कलकत्ता हाई कोर्ट ने लगाई रोक

HIGHLIGHTS
- दक्षिण 24 परगना के फलता में जहांगीर खान के मकान पर बुलडोजर कार्रवाई रुकी।
- कलकत्ता हाई कोर्ट ने सोमवार तक मकान तोड़ने पर अंतरिम रोक लगाई।
- जेल में बंद जहांगीर खान ने प्रशासन की कार्रवाई को चुनौती दी थी।
कोलकाता। दक्षिण 24 परगना के फलता में तृणमूल नेता जहांगीर खान के मकान पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई पर कलकत्ता हाई कोर्ट ने फिलहाल रोक लगा दी है। शुक्रवार को न्यायमूर्ति शुभ्रा घोष ने अंतरिम आदेश जारी करते हुए सोमवार तक मकान तोड़ने की कार्रवाई पर रोक लगा दी।
अदालत ने कहा कि मामले की अगली सुनवाई सोमवार को होगी। प्रशासन के मकान तोड़ने के फैसले को चुनौती देते हुए जेल में बंद जहांगीर खान ने हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की थी।
डाक के जरिए भेजा गया था नोटिस
शुक्रवार को सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति ने राज्य सरकार से मकान की पहचान और नोटिस जारी करने की प्रक्रिया को लेकर सवाल किए। उन्होंने पूछा कि जब याचिकाकर्ता जेल में बंद है, तो प्रशासन ने किस आधार पर संबंधित मकान को उसका बताया। साथ ही यह भी पूछा कि मकान तोड़ने से पहले उसे नियमानुसार नोटिस दिया गया था या नहीं।
स्थानीय लोगों ने की थी मकान की पहचान
राज्य सरकार की ओर से अदालत को बताया गया कि स्थानीय दो लोगों ने मकान की पहचान की थी। इसके बाद पहले डाक के माध्यम से नोटिस भेजा गया और फिर उसे मकान की दीवार पर चिपका दिया गया।
वहीं, जहांगीर खान के वकील किशोर दत्ता ने अदालत में दलील दी कि उनके मुवक्किल ने जिस मकान का जिक्र किया है, उसमें वह नहीं रहते थे। उनका निवास किसी दूसरे मकान में था।
प्रशासन की कार्रवाई को दी थी चुनौती
प्रशासन ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर मकान बनाने और अवैध निर्माण का आरोप लगाते हुए जहांगीर खान को सात दिनों के भीतर मकान तोड़ने का नोटिस दिया था। तय समय सीमा में कार्रवाई नहीं होने पर जिला प्रशासन ने बुधवार से फलता के श्रीरामपुर में स्थित उसके तीन मंजिला मकान को तोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी।
गुरुवार को भी पुलिस और प्रशासन की निगरानी में मकान तोड़ने का काम जारी रहा। मकान पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए थे।
नेपाल सीमा से हुई थी गिरफ्तारी
प्रशासन की इस कार्रवाई के खिलाफ जहांगीर खान ने हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की थी। गौरतलब है कि जहांगीर कभी फलता-डायमंड हार्बर इलाके में तृणमूल के प्रभावशाली नेताओं में शामिल था। उसे पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी का करीबी माना जाता था।
विधानसभा चुनाव में फलता सीट पर मतदान रद्द होने के बाद वह दोबारा चुनाव से पहले ही इलाके से गायब हो गया था। बाद में उसे नेपाल सीमा से गिरफ्तार किया गया था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.