आरजी कर केस: पूर्व नगरपालिका चेयरमैन सोमनाथ डे बेंगलुरु से गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- पूर्व नगरपालिका चेयरमैन सोमनाथ डे बेंगलुरु से गिरफ्तार।
- पुलिस ने उन्हें मामले का तीसरा सह-आरोपित बताया।
- निर्मल घोष और संजीव मुखर्जी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं।
कोलकाता। आरजी कर दुष्कर्म-हत्या मामले में पीड़िता के शव का कथित रूप से जल्द अंतिम संस्कार कराने की साजिश के आरोप में फरार चल रहे पानीहाटी नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन सोमनाथ डे को बंगाल पुलिस ने गुरुवार को बेंगलुरु से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, डे इस मामले में तीसरे सह-आरोपित हैं।
जांच के दौरान पुलिस ने पानीहाटी के पूर्व तृणमूल विधायक निर्मल घोष, पीड़िता के परिवार के पड़ोसी संजीव मुखर्जी और पूर्व नगरपालिका चेयरमैन सोमनाथ डे को कथित साजिश में शामिल तीन प्रमुख आरोपितों के तौर पर चिन्हित किया था।
इसके बाद तीनों फरार हो गए थे। निर्मल घोष को पिछले महीने ओडिशा से गिरफ्तार किया गया था, जबकि संजीव मुखर्जी को कोलकाता के चिनार पार्क स्थित एक मकान से पकड़ा गया। दोनों इस समय न्यायिक हिरासत में हैं।
इस मामले में बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के खड़दह थाने में पीड़िता के पिता की नई शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोप है कि अगस्त 2024 में पीड़िता के शव का पानीहाटी के एक श्मशान घाट में जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कराया गया, ताकि दोबारा पोस्टमार्टम की संभावना खत्म हो जाए।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद शुरू हुई नई जांच
आरजी कर मामले की पीड़िता की दूसरी बरसी पर आठ अगस्त को आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शव के जल्दबाजी में अंतिम संस्कार से जुड़े मामले की नई जांच शुरू करने की घोषणा की थी। इसके बाद बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट ने इस मामले की नए सिरे से जांच शुरू की और प्राथमिकी दर्ज की गई।
गौरतलब है कि नौ अगस्त 2024 की सुबह कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के सेमिनार हाल से महिला चिकित्सक का शव बरामद किया गया था। जांच के दौरान उसके साथ दुष्कर्म और हत्या किए जाने की बात सामने आई थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.