CJP संसद मार्च: प्रदर्शनकारी संसद के करीब पहुंचे, धर्मेंद्र प्रधान ने अमित शाह से की मुलाकात

HIGHLIGHTS
- CJP के प्रदर्शन के बीच प्रदर्शनकारी संसद भवन के करीब पहुंचे, वहीं शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।
- CJP नेताओं ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पेपर लीक मामलों की जांच और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर संसद मार्च किया।
- दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई, जंतर-मंतर समेत कई इलाकों में थ्री-टियर सिक्योरिटी तैनात की गई और पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील की।
नई दिल्ली। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शनकारी संसद भवन के नजदीक तक पहुंच गए हैं। इसी बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करने पहुंचे हैं।
दरअसल, CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दो दिन की भूख हड़ताल के बाद सोमवार 20 जुलाई को अपना अनशन समाप्त कर दिया। इसके बाद आज CJP की ओर से संसद मार्च आयोजित किया गया है।
अमित शाह से मिले धर्मेंद्र प्रधान
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की है। धर्मेंद्र प्रधान संसद भवन स्थित अमित शाह के कक्ष में मिलने पहुंचे थे। दोनों नेताओं के बीच बातचीत जारी है।
CJP का प्रदर्शन हुआ तेज
CJP का प्रदर्शन तेज हो गया है। प्रदर्शनकारी संसद के काफी करीब तक पहुंच गए हैं और पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। प्रदर्शनकारियों को संसद की ओर बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। वहीं, संसद परिसर में स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। CISF ने गेट नंबर-1 को बंद कर दिया है।
CJP प्रवक्ता करेंगे जेपी नड्डा से मुलाकात
CJP के प्रवक्ता सौरभ दास ने दावा किया है कि वह केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात के लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से बातचीत के लिए बुलाया गया है। CJP के आशुतोष रांका और सौरभ दास केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से चर्चा के लिए रवाना हुए हैं।
क्या हैं CJP की मांगें?
CJP NEET और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और गड़बड़ी के मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग कर रही है। इसके साथ ही परीक्षा व्यवस्था में हुई अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी की जा रही है।
इसके अलावा पार्टी देश में बढ़ती बेरोजगारी, सरकारी भर्ती परीक्षाओं के परिणामों में देरी और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार का विरोध कर रही है।
जंतर-मंतर समेत कई जगहों पर थ्री-टियर सुरक्षा व्यवस्था
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर, पार्लियामेंट स्ट्रीट, सेंट्रल विस्टा, कनॉट प्लेस और शंकर चौक जैसे इलाकों में थ्री-टियर सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। इसमें दिल्ली पुलिस के जवानों की दो परतें और पैरामिलिट्री फोर्स की एक परत शामिल है।
इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए रैपिड रिस्पॉन्स टीमें 24 घंटे तैनात की गई हैं।
नई दिल्ली के DCP सचिन शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एडवाइजरी में कहा कि विरोध मार्च या जुलूस के लिए कोई अनुमति नहीं मांगी गई है और न ही कोई अनुमति दी गई है।
उन्होंने बताया कि मानसून सत्र और प्रदर्शन को देखते हुए नई दिल्ली में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू की गई है। इसके तहत पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने, विरोध प्रदर्शन करने, जुलूस निकालने या धरना देने पर प्रतिबंध रहेगा। केवल जंतर-मंतर पर पूर्व अनुमति के साथ शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति होगी।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 और अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
CJP ने समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील की
CJP ने अपने समर्थकों से शांत रहने की अपील की है। पार्टी ने कहा कि अगर किसी स्थान पर रोका भी जाए तो संयम बनाए रखें। पार्टी ने कहा कि यह लड़ाई शांति और प्यार के रास्ते से ही जीती जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.