मंत्री संदीप सिंह की सगाई में सीएम योगी समेत कई दिग्गज पहुंचे, दावत में 101 तरह के पकवान

HIGHLIGHTS
- अलीगढ़ के तालानगरी में मंत्री संदीप सिंह और उनके भाई सौरभ सिंह का सगाई समारोह आयोजित हुआ।
- संदीप सिंह की मेघना और सौरभ सिंह की अंतरा के साथ सगाई हुई।
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समारोह में पहुंचकर दोनों जोड़ों को आशीर्वाद दिया।
अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के नाती और मंत्री संदीप सिंह की मेघना के साथ, जबकि उनके छोटे भाई सौरभ की अंतरा के साथ सगाई का समारोह अलीगढ़ के तालानगरी स्थित मैदान में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास सुबह से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी तैनात की गई है।
संत फिदेलिस स्कूल के पास दावत की तैयारियों के लिए हलवाइयों की व्यवस्था की गई है। यहां मेहमानों को परोसे जाने वाले पकवान लगातार तैयार किए जा रहे हैं। सगाई समारोह में अलीगढ़ के अलावा आसपास के कई जिलों के लोगों के लिए भी दावत का इंतजाम किया गया है।
दावत में शामिल हैं ये पकवान
आम जनता के लिए मेन्यू
आम लोगों के लिए रखी गई दावत में सफेद रसगुल्ला, गाजर का हलवा, गुलाब जामुन, आलू की सब्जी, काशीफल, मिक्स वेज, पुलाव, चने की सब्जी, मटर पनीर, दाल मखनी, रायता, मूंग दाल का हलवा, आइसक्रीम और कोल्ड ड्रिंक समेत कई पकवान शामिल हैं।
वीआईपी और वीवीआईपी के लिए खास इंतजाम
प्रेमी कैटरर्स के विवेक प्रेमी ने बताया कि आम जनता के मेन्यू में शामिल पकवानों के अलावा वीआईपी और वीवीआईपी मेहमानों के लिए 11 सब्जियां और छह मिठाइयां रखी गई हैं। उनके लिए रसमलाई, पास्ता, नूडल्स, एक-दो चाइनीज आइटम और घेवर समेत कुल 101 तरह के आइटम तैयार किए गए हैं।
शुरू हुईं सगाई की रस्में
शिक्षा मंत्री संदीप सिंह और उनके भाई सौरभ सिंह समारोह स्थल पर पहुंचे। दोनों भाइयों की कार्यक्रम में धूमधाम से एंट्री हुई। उनके पहुंचते ही समारोह स्थल पर उत्साह और हलचल बढ़ गई। उस समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी कुछ ही देर में कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना जताई गई थी। मुख्यमंत्री के आगमन के बाद दोनों भाइयों का सगाई समारोह संपन्न हुआ।
संदीप सिंह की सगाई में सीएम योगी की चुटकी पर गूंजे ठहाके
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मेरठ से अलीगढ़ के हेरिटेज इंटरनेशनल स्कूल मैदान पहुंचे, जहां उनका हेलीकॉप्टर उतरा। इसके बाद वह सगाई समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने मंत्री संदीप सिंह और मेघना के साथ ही सौरभ सिंह और अंतरा को आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी की चुटकी पर ठहाके भी गूंजे। समारोह के बाद मुख्यमंत्री आगरा के लिए रवाना हो गए।
अंडमान-निकोबार के उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा भी पहुंचे
अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा भी अलीगढ़ पहुंचे। यहां उन्होंने एक स्कूल में आयोजित जलवायु परिवर्तन संवाद में हिस्सा लिया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह का तेजी से विकास हो रहा है। यहां एक बड़ा बंदरगाह और दो एयरपोर्ट बनाए जा रहे हैं। इनके तैयार होने से कनेक्टिविटी बेहतर होगी और भारत का कारोबार भी बढ़ेगा।
उन्होंने बताया कि कच्चा तेल और अन्य ईंधन लेकर आने वाले जहाजों को यहां बेहतर सुविधाएं और सुगम रास्ता मिलेगा, क्योंकि ज्यादातर जहाज इसी मार्ग से गुजरते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि श्री विजय पुरम और ग्रेट निकोबार में दो आधुनिक हवाई अड्डे बनाए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
डॉ. शर्मा ने विकास के साथ भारतीय संस्कृति के संरक्षण पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति पेड़-पौधों और दूसरे जीवों के संरक्षण की सीख देती है। जलवायु परिवर्तन संवाद में शामिल होने के बाद वह सगाई समारोह में पहुंचे।
दावत खाने नहीं, सीएम योगी को अर्जी देने पहुंची वृद्धा
मंत्री संदीप सिंह की सगाई में अलीगढ़ के शंकर विहार की रहने वाली शांति देवी भी पहुंचीं। हालांकि, उनका मकसद दावत खाना नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक अपनी अर्जी पहुंचाना था।
वृद्धा ने बताया कि उन्हें न तो पेंशन मिलती है और न ही राशन। वह किराए के मकान में रहती हैं। कार्यक्रम में पहुंचने के लिए वह किसी से 10 रुपये उधार लेकर आई थीं। वह अपनी शिकायत मुख्यमंत्री तक पहुंचाना चाहती थीं, लेकिन उनकी अर्जी सीएम योगी ही नहीं, बल्कि वहां मौजूद किसी अन्य व्यक्ति तक भी नहीं पहुंच सकी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.