दिल्ली में CJP प्रदर्शन बना हिंसक, 118 पुलिसकर्मी घायल; 70 प्रदर्शनकारी हिरासत में

HIGHLIGHTS
- दिल्ली में CJP प्रदर्शन के दौरान हिंसा, 118 पुलिसकर्मी घायल।
- पुलिस ने 70 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया, कई FIR दर्ज करने की तैयारी।
- पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने अस्पताल पहुंचकर घायल जवानों का हालचाल जाना।
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में सीजेपी के विरोध प्रदर्शन के दौरान हालात अचानक बिगड़ गए और प्रदर्शन हिंसक हो गया। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने बार-बार दी गई चेतावनियों और कानूनी निर्देशों की अनदेखी करते हुए आक्रामक रुख अपनाया। इस दौरान पुलिसकर्मियों पर पत्थर और अन्य वस्तुएं फेंकी गईं, जबकि बैरिकेड तोड़ने की भी कोशिश की गई।
हिंसा के दौरान पुलिस और अन्य सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ की गई तथा सार्वजनिक संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा। पुलिस का कहना है कि इस घटना से कानून-व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा पर गंभीर असर पड़ा। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की सुरक्षा भी खतरे में आ गई। हाथापाई और हिंसा की इस घटना में अब तक करीब 118 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जबकि 60 प्रदर्शनकारियों के घायल होने की भी जानकारी है। अन्य घायल पुलिसकर्मियों की मेडिको-लीगल जांच की प्रक्रिया जारी है।
घायल पुलिसकर्मियों से मिले पुलिस आयुक्त
हिंसा के दौरान बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी घायल हुए। दिल्ली पुलिस और केंद्रीय पुलिस बलों के 118 से अधिक जवान इस घटना में चोटिल हुए हैं। घायलों में विशेष आयुक्त, संयुक्त आयुक्त, अतिरिक्त आयुक्त और उपायुक्त स्तर के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं, जो मौके पर कानून-व्यवस्था संभालने के लिए तैनात थे।
दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने अस्पताल पहुंचकर घायल पुलिसकर्मियों से मुलाकात की। उन्होंने सभी का हालचाल जाना, उनका हौसला बढ़ाया और जल्द स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही हरसंभव सहायता का भरोसा भी दिया। पुलिस आयुक्त ने कहा कि पुलिसकर्मी अपनी जान जोखिम में डालकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने का दायित्व निभाते हैं। उन्होंने कहा कि वर्दी पर लगी हर चोट उनके कर्तव्यनिष्ठा, साहस और देश सेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
हिरासत और कानूनी कार्रवाई
घटना के बाद पुलिस ने करीब 70 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, दंगा, सरकारी कर्मचारियों पर हमला और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे मामलों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।
दिल्ली पुलिस ने कहा कि वह राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सभी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हिंसा और गैर-कानूनी गतिविधियों में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.