सपा-कांग्रेस का गठबंधन चुनाव से पहले ही विफल, दोनों दलों में चल रही शह-मात की राजनीति: सीएम योगी

HIGHLIGHTS
- सीएम योगी ने सपा-कांग्रेस गठबंधन को चुनाव से पहले ही विफल बताया।
- कहा कि दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर खींचतान और शह-मात की राजनीति चल रही है।
- मुख्यमंत्री के मुताबिक, एनडीए में कोई विवाद नहीं है और सभी सहयोगी दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले दो लड़कों की यह जोड़ी चुनाव परिणाम आने के बाद नाकाम होती थी, लेकिन इस बार चुनाव से पहले ही गठबंधन विफल हो गया है। उन्होंने गठबंधन की राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक ओर दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बैठकें हो रही हैं, तो दूसरी ओर प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जा रहे हैं। इससे बड़ा अपमान और क्या हो सकता है? मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि दोनों पार्टियों के बीच एक-दूसरे को शह और मात देने का खेल चल रहा है। देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी कांग्रेस की यह स्थिति उसकी नकारात्मक सोच का नतीजा है। जनता लगातार इन दलों को नकार रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को लखनऊ में एक निजी न्यूज चैनल के शिखर सम्मेलन में संवाद कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में आए बदलाव, कानून-व्यवस्था, निवेश, रोजगार, विपक्ष की राजनीति, गठबंधन, आगामी चुनाव और अपनी राजनीतिक विचारधारा से जुड़े सवालों के जवाब दिए।
सपा-कांग्रेस गठबंधन पर निशाना, एनडीए में सब कुछ ठीक
समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर जारी खींचतान पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गठबंधन के कुछ धर्म, नियम, मान्यताएं और शिष्टाचार होते हैं। लेकिन दोनों दलों के बीच जिस तरह की परिस्थितियां सामने आ रही हैं, उनसे उनके आपसी तालमेल पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि इनकी हालत ऐसी हो गई है कि एक तरफ अपमान सह रहे हैं और दूसरी तरफ उसी स्थिति को सामान्य बताने में जुटे हैं।
वहीं, एनडीए में सीटों के बंटवारे और सहयोगी दलों के बीच मतभेदों की चर्चाओं पर मुख्यमंत्री ने कहा कि निषाद पार्टी, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी सहित सभी सहयोगी दल एनडीए का हिस्सा हैं। सभी मिलकर चुनाव लड़ेंगे और गठबंधन में किसी तरह का विवाद नहीं है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल एनडीए की एकजुटता को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।
रामभक्तों से समाजवादी पार्टी को मांगनी चाहिए माफी
अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे और सनातन को लेकर समाजवादी पार्टी की बदली हुई राजनीतिक भाषा पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दो नावों पर सवार होना हमेशा खतरनाक होता है। उन्होंने कहा कि अयोध्या जाना अच्छी बात है, लेकिन समाजवादी पार्टी को रामभक्तों से माफी भी मांगनी चाहिए। अगर 90 के दशक में ही पार्टी को यह सद्बुद्धि आ गई होती तो रामभक्तों पर गोली चलाने की स्थिति नहीं आती। मुख्यमंत्री ने कहा कि माफी मांगने से कोई छोटा नहीं हो जाता।
अपनी पार्टी के राजनीतिक आधार को स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा का वोट बैंक हर वह राष्ट्रवादी नागरिक है, जो भारत के संविधान और देश की विरासत में विश्वास रखता है। भाजपा की राजनीति किसी एक जाति या वर्ग तक सीमित नहीं है। पार्टी सबका साथ, सबका विकास और सबका सम्मान के सिद्धांत पर आगे बढ़ती है।
2017 से पहले बीमारू था यूपी, अब देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन
उत्तर प्रदेश की बदली हुई छवि पर मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब एक दशक पहले प्रदेश को बीमारू राज्य के तौर पर देखा जाता था। उस समय यहां गुंडागर्दी, अराजकता और उपद्रव का माहौल था। पूरी व्यवस्था अनिर्णय की स्थिति से जूझ रही थी। गरीब कल्याण, युवाओं को रोजगार, किसानों के सम्मान और महिलाओं की सुरक्षा के सामने बड़ी चुनौतियां थीं। व्यापारी भयभीत रहते थे और निवेशक प्रदेश में निवेश करने से बचते थे।
उन्होंने कहा कि मार्च 2017 में जिम्मेदारी मिलने के बाद सरकार ने सबसे पहले कानून-व्यवस्था सुधारने और व्यवस्था को पटरी पर लाने का काम किया। आज प्रदेश में करीब 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने, अर्थव्यवस्था और प्रति व्यक्ति आय को लगभग तीन गुना करने तथा बजट में तीन गुने से अधिक वृद्धि करने में सफलता मिली है। महिला कार्यबल की भागीदारी भी तीन गुना से ज्यादा बढ़ी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश में देश के एक्सप्रेसवे नेटवर्क का करीब 60 प्रतिशत हिस्सा है। प्रदेश के सात शहरों में मेट्रो चल रही है। यहां 17 क्रियाशील एयरपोर्ट हैं, जिनमें पांच अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट शामिल हैं। देश का सबसे बड़ा रेल नेटवर्क, ईस्टर्न और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का जंक्शन और देश की पहली रैपिड रेल भी उत्तर प्रदेश की नई पहचान बन चुके हैं। वाराणसी में देश की पहली रोपवे सेवा भी जल्द शुरू होने जा रही है।
माफियाराज पर कार्रवाई से हथियार निर्माण तक पहुंचा उत्तर प्रदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों की सीमित सोच के चलते प्रदेश में निवेश के अनुकूल माहौल तैयार नहीं हो सका। उस दौर में कई क्षेत्रों में अवैध कट्टे और बम बनाने का काम होता था। आज उसी उत्तर प्रदेश में आधुनिक रिवॉल्वर, राइफल और ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने इसे कानून-व्यवस्था में सुधार और औद्योगिक विकास के बीच बने तालमेल का उदाहरण बताया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 36 सेक्टोरल पॉलिसीज के जरिए निवेशकों को अवसर दिए जा रहे हैं। राज्य को करीब 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) के माध्यम से एमएसएमई सेक्टर को नई पहचान मिली है। इस क्षेत्र के जरिए करीब सवा तीन करोड़ लोगों को रोजगार मिल रहा है।
विपक्ष के इस आरोप पर कि मौजूदा सरकार पिछली सरकारों की परियोजनाओं का उद्घाटन करके श्रेय ले रही है, मुख्यमंत्री ने सवाल किया कि अगर पिछली सरकारों ने काम किया था तो उन्हें उद्घाटन करने का मौका क्यों नहीं मिला? उन्होंने नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यीडा क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा कि पिछली सरकारों के समय अंधविश्वास, पाखंड और संकीर्ण सोच के कारण मुख्यमंत्री इन क्षेत्रों में जाने से बचते थे।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में चार लाख होम बायर्स अपने घरों का इंतजार कर रहे थे। सरकार ने बिल्डर और खरीदारों के बीच बातचीत कराकर उनकी समस्याओं का समाधान कराया। आज इसी क्षेत्र में जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, सेमीकंडक्टर यूनिट, फिल्म सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क और डेटा सेंटर हब विकसित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, देश में बनने वाले मोबाइल फोन का लगभग 55 प्रतिशत और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट का करीब 60 प्रतिशत उत्पादन उत्तर प्रदेश में हो रहा है।
कानून-व्यवस्था पर जीरो टॉलरेंस, महिलाओं और व्यापारियों की सुरक्षा प्राथमिकता
बुलडोजर कार्रवाई और एनकाउंटर को लेकर विपक्ष के आरोपों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में कामयाब रही है। उन्होंने साफ किया कि कानून को चुनौती देने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। महिला सुरक्षा और व्यापारियों के सम्मान को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि गलत निगाह रखने वालों के सामने केवल दो रास्ते हैं- जेल या जहन्नुम।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून का पालन करने वालों का कानून सम्मान करेगा, जबकि कानून के खिलाफ जाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाना लगातार चलने वाली प्रक्रिया है। जिस तरह घर की सफाई नियमित रूप से होती है, उसी तरह व्यवस्था को साफ-सुथरा रखने का काम भी निरंतर जारी रहेगा।
युवाओं को 10.50 लाख सरकारी नौकरियां देने का लक्ष्य
रोजगार और युवाओं को टैबलेट बांटने की योजनाओं को चुनावी प्रलोभन बताए जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने ये योजनाएं किसी चुनाव को ध्यान में रखकर शुरू नहीं की हैं। वर्ष 2018 से सरकारी नियुक्तियों की प्रक्रिया लगातार जारी है। अब तक करीब पौने 10 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। 26 जनवरी 2027 तक यह आंकड़ा साढ़े 10 लाख तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत कोरोना काल में ऑनलाइन शिक्षा की आवश्यकता को देखते हुए 25 दिसंबर 2021 से टैबलेट वितरण शुरू किया गया था। पहले चरण में करीब 60 लाख युवाओं को डिजिटल डिवाइस दिए गए। अब दूसरे चरण में 25 लाख और युवाओं को टैबलेट देने की योजना है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार युवाओं को एआई, ड्रोन टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, 3डी प्रिंटिंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स और सेमीकंडक्टर जैसे नए क्षेत्रों से जोड़ने का काम कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.