पूर्वी दिल्ली में लापता बाउंसर का नाले में मिला शव, शरीर पर चाकू के निशान

HIGHLIGHTS
- वह पत्नी और दो बच्चों के साथ चिल्ला गांव में रहते थे।
- अजय नोएडा के एक बिल्डर के यहां बाउंसर के तौर पर काम करते थे।
- ड्यूटी खत्म करने के बाद वह ऑटो से घर लौट रहे थे।
पूर्वी दिल्ली। चिल्ला गांव से 24 सितंबर से लापता बाउंसर अजय डेढ़ा का शव पटपड़गंज औद्योगिक थाना क्षेत्र के एक नाले से बरामद हुआ है। मृतक के शरीर पर चाकू के निशान मिले हैं, जिसके बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।
अजय डेढ़ा की पहचान होने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
चिल्ला गांव में परिवार के साथ रहते थे
अजय डेढ़ा चिल्ला गांव में अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रहते थे। वह नोएडा के एक बिल्डर के यहां बाउंसर की नौकरी करते थे।
परिजनों ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी
परिजनों के मुताबिक, 24 सितंबर की रात ड्यूटी खत्म करने के बाद अजय ऑटो से घर के लिए निकले थे। रास्ते में उन्होंने अपनी और ऑटो की तस्वीर पत्नी को भेजी थी। इसके कुछ समय बाद पत्नी ने उन्हें फोन किया, लेकिन उनका मोबाइल बंद मिला।
काफी तलाश के बावजूद अजय का पता नहीं चला तो परिजनों ने पटपड़गंज थाने में उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
1 अक्टूबर को पुलिस ने परिवार को अजय का शव नाले से मिलने की जानकारी दी। शव मिलने की खबर के बाद परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने अजय को घर छोड़ने वाले ऑटो चालक पर हत्या का शक जताया है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। साथ ही ऑटो चालक समेत अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.