दिल्ली महिला आयोग को मिली नई अध्यक्ष, भाजपा नेता लता गुप्ता को सौंपी गई जिम्मेदारी

HIGHLIGHTS
- दिल्ली महिला आयोग को करीब ढाई साल बाद नया अध्यक्ष मिला, लता गुप्ता को जिम्मेदारी सौंपी गई।
- लता गुप्ता के साथ पांच अन्य सदस्यों की भी आयोग में नियुक्ति की गई है।
- लता गुप्ता भाजपा की वरिष्ठ नेता हैं और संगठन व निगम राजनीति में लंबे समय से सक्रिय रही हैं।
नई दिल्ली। करीब ढाई साल से खाली पड़े दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) को अब नया नेतृत्व मिल गया है। भाजपा की वरिष्ठ नेता और पूर्व निगम पार्षद लता गुप्ता को आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
लता गुप्ता के अलावा श्याम बाला, मालती वर्मा, लता सिद्धी, संरक्षिका शर्मा झा और रेणु भल्ला को आयोग का सदस्य बनाया गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने रविवार को इसकी जानकारी दी।
दिल्ली महिला आयोग के अध्यक्ष का पद जनवरी 2024 से रिक्त था। इससे पहले अध्यक्ष रहीं स्वाति मालीवाल ने आम आदमी पार्टी की ओर से राज्यसभा सदस्य बनने के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से आयोग बिना अध्यक्ष के काम कर रहा था।
संगठन और निगम राजनीति में सक्रिय रहीं लता गुप्ता
लता गुप्ता भाजपा की वरिष्ठ महिला नेता हैं और लंबे समय से पार्टी संगठन व स्थानीय निकाय की राजनीति में सक्रिय रही हैं। वर्तमान में वह दिल्ली प्रदेश भाजपा की उपाध्यक्ष हैं।
इससे पहले वह शाहदरा जिला भाजपा की जिलाध्यक्ष और दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की महामंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुकी हैं।
लता गुप्ता वर्ष 2007 से 2012 तक शकरपुर वार्ड और 2012 से 2017 तक पांडव नगर वार्ड से निगम पार्षद रही हैं। अपने कार्यकाल में उन्होंने महिला सुरक्षा, स्वच्छता, शिक्षा और स्थानीय विकास से जुड़े मुद्दों पर काम किया।
मुरैना में हुआ जन्म
लता गुप्ता दिल्ली नगर निगम की पहली महिला स्थायी समिति (स्टैंडिंग कमेटी) अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। उनका जन्म मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में हुआ था।
उन्होंने छात्र राजनीति से अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की थी। संगठनात्मक अनुभव और महिला मुद्दों पर सक्रियता को देखते हुए उन्हें अब दिल्ली महिला आयोग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.