बारिश के बाद भी दिल्ली-एनसीआर की हवा खराब, AQI 273 पर कायम

नई दिल्ली।दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने मंगलवार को अचानक करवट ली। तेज ठंडी हवाओं के साथ हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को कड़ाके की ठंड का एहसास हुआ। हालांकि, बारिश के बावजूद वायु प्रदूषण से राहत नहीं मिली और राजधानी की हवा अब भी खराब श्रेणी में बनी हुई है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार सुबह सात बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 273 रिकॉर्ड किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। इससे पहले मंगलवार को राजधानी में AQI 336 दर्ज किया गया था, जबकि सोमवार को यह आंकड़ा 241 था। यानी लगातार तीन दिनों में वायु गुणवत्ता में गिरावट देखने को मिली है।
एनसीआर के शहरों में भी बिगड़ी हवा
दिल्ली से सटे नोएडा और गुरुग्राम में भी हालात कुछ अलग नहीं रहे। नोएडा में AQI सोमवार को 219 था, जो मंगलवार को बढ़कर 331 पहुंच गया और ‘बहुत खराब’ श्रेणी में चला गया। वहीं गुरुग्राम में भी AQI 276 से बढ़कर 306 दर्ज किया गया, जिससे वहां की हवा भी ‘बहुत खराब’ स्तर पर पहुंच गई।
इन इलाकों में दर्ज हुआ AQI
दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में वायु गुणवत्ता के आंकड़े इस प्रकार रहे—
आनंद विहार 280, बवाना 332, बुराड़ी 282, चांदनी चौक 340, द्वारका 317, दिल्ली एयरपोर्ट 190, आईटीओ 282, जहांगीरपुरी 327, मुंडका 320, नरेला 251, रोहिणी 326, विवेक विहार 306।
एनसीआर में नोएडा 331, ग्रेटर नोएडा 304, गाजियाबाद 376 और गुरुग्राम में AQI 306 दर्ज किया गया।
बारिश से तापमान में आई गिरावट
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मंगलवार को दिल्ली-एनसीआर में अच्छी बारिश हुई, जिससे तापमान में करीब 6 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आई। नोएडा और रेवाड़ी-नारनौल क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी देखने को मिली। राजधानी में दिनभर में 4.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, 1 फरवरी को एक बार फिर बारिश की संभावना जताई गई है। इसके बाद अगले चार दिनों तक मौसम में ठंड बनी रहेगी, हालांकि इस अवधि में बारिश के आसार कम बताए गए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.