धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण, भावुक हुईं हेमा मालिनी और बेटी अहाना देओल

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित पद्म पुरस्कार 2026 समारोह में हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता रहे धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनका सम्मान उनकी पत्नी और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने ग्रहण किया।
समारोह के दौरान जैसे ही धर्मेंद्र के नाम की घोषणा हुई, पूरा माहौल भावुक हो गया। मंच पर पहुंचकर हेमा मालिनी ने अपने दिवंगत पति के सम्मान को स्वीकार किया। इस दौरान उनके साथ बेटी अहाना देओल भी मौजूद रहीं, जो भावनाओं पर काबू नहीं रख सकीं।
सिनेमा के सफर को मिला सम्मान
छह दशकों से अधिक लंबे फिल्मी करियर में धर्मेंद्र ने हिंदी सिनेमा को कई यादगार फिल्में दीं। शोले, चुपके चुपके, मेरा गांव मेरा देश और फूल और पत्थर जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को आज भी याद किया जाता है। भारतीय सिनेमा में उनके योगदान को देखते हुए सरकार ने उन्हें मरणोपरांत पद्म विभूषण देने का निर्णय लिया।
पुरस्कार ग्रहण के समय हेमा मालिनी भावुक नजर आईं, जबकि सभागार में मौजूद अहाना देओल भी अपने आंसू रोक नहीं सकीं। इस क्षण के कई वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आए, जिन्हें देखकर प्रशंसक भी भावुक हो उठे।
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम का वीडियो पीआईबी की ओर से भी साझा किया गया है।
पद्म पुरस्कार 2026 समारोह
इसी कार्यक्रम में देश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी कई हस्तियों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित इस समारोह में विजेताओं को सम्मान प्रदान किया।
गौरतलब है कि इस वर्ष सरकार ने कुल 131 पद्म पुरस्कारों की घोषणा की थी, जिनमें 5 पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री शामिल हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.