CM सम्राट के सुरक्षा दस्ते ने निशांत को आगे बढ़ने से रोका, JDU बोली- यह बेहद दुखद

HIGHLIGHTS
- मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को सुरक्षाकर्मियों ने आगे बढ़ने से रोक दिया।
- घटना 18 नवंबर को राजापाकर में मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान हुई।
- मुख्यमंत्री 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित जनसभा की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे थे।
वैशाली। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री और वैशाली के प्रभारी मंत्री निशांत कुमार को सुरक्षाकर्मियों द्वारा रोके जाने का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने इस पर कड़ी नाराजगी जताई और पुलिस मुख्यालय से निष्पक्ष जांच की मांग की। दूसरी ओर, मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात विशेष सुरक्षा दल (एसएसजी) ने इसे मानवीय भूल करार दिया है।
एसएसजी की ओर से जारी प्रेस बयान में बताया गया कि मामले की जांच समादेष्टा रैंक के अधिकारी से कराई गई। जांच के दौरान पाया गया कि सुरक्षाकर्मी ने तय सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार काम किया था, जिसके चलते यह स्थिति पैदा हुई। एसएसजी ने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच कराई गई।
सुरक्षा घेरे में रोके जाने पर जेडीयू ने जताई नाराजगी
यह पूरा घटनाक्रम 18 नवंबर का है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वैशाली में प्रस्तावित जनसभा की तैयारियों का जायजा लेने राजापाकर पहुंचे थे। उनके साथ उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और वैशाली जिले के प्रभारी मंत्री निशांत कुमार भी मौजूद थे।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री मीडिया से बातचीत कर रहे थे। इसी बीच सुरक्षा में तैनात कर्मियों ने निशांत कुमार को आगे जाने से रोक दिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता और विधान परिषद सदस्य नीरज कुमार ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी।
नीरज कुमार ने कहा कि निशांत कुमार मुख्यमंत्री के साथ वहां पहुंचे थे और नियमों के मुताबिक उन्हें सुरक्षा पाने का अधिकार था। इसके बावजूद उनके साथ इस तरह का व्यवहार होना दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने पुलिस मुख्यालय से पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कराने की मांग की। साथ ही कहा कि यह स्पष्ट होना चाहिए कि घटना अनजाने में हुई या इसके पीछे कोई जानबूझकर की गई साजिश थी।
नीरज कुमार ने कहा कि निशांत कुमार की शालीनता, सरल स्वभाव और आम लोगों के बीच लोकप्रियता किसी से छिपी नहीं है। उनके स्वाभिमान को ठेस पहुंचाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
रोहिणी आचार्य का तंज, नीरज कुमार ने किया पलटवार
इस मामले पर विपक्षी दलों ने भी एनडीए को घेरा। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की नेता रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया के माध्यम से प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पहले नीतीश कुमार को किनारे किया गया और अब उनके बेटे निशांत कुमार को सार्वजनिक तौर पर अपमानित किया जा रहा है। रोहिणी ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष के नेता अपना आत्मसम्मान दबाकर बैठे हैं।
रोहिणी आचार्य के बयान पर जवाब देते हुए जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार में किसी में इतनी हिम्मत नहीं है कि वह पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे के साथ बदसलूकी कर सके।
नीरज कुमार ने इस दौरान राबड़ी देवी के मुख्यमंत्री कार्यकाल का भी उल्लेख किया। इसके अलावा उन्होंने पोखरण परमाणु परीक्षण के समय लालू प्रसाद यादव की ओर से परीक्षण का नाम एपीजे अब्दुल कलाम के नाम पर रखने का सुझाव दिए जाने का भी जिक्र किया।
अधिकारियों को लेकर मुख्यमंत्री के आदेश का जेडीयू ने किया समर्थन
इस पूरे घटनाक्रम के बीच जेडीयू ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के एक अन्य प्रशासनिक निर्णय का समर्थन भी किया है। राज्य के अलग-अलग जिलों से शिकायतें सामने आ रही थीं कि सरकारी विकास योजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन कार्यक्रमों में अधिकारी ज्यादा सक्रिय रहते हैं, जबकि जनप्रतिनिधियों को उचित स्थान और सम्मान नहीं दिया जाता।
इस व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री के निर्देश पर मुख्य सचिव ने आदेश जारी किया है। इसमें अधिकारियों को सरकारी योजनाओं की शिलान्यास और उद्घाटन पट्टिकाओं पर अपना नाम प्रमुखता से लिखवाने से बचने की हिदायत दी गई है। इसके साथ ही उन्हें खुद फीता काटने या उद्घाटन करने से दूर रहने और जनप्रतिनिधियों के अधिकारों का सम्मान सुनिश्चित करने को कहा गया है।
नीरज कुमार ने मुख्यमंत्री के इस फैसले को प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार की दिशा में आवश्यक कदम बताया।
नीतीश कुमार की परंपरा को आगे बढ़ा रहे सम्राट चौधरी
जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की ओर से अलग-अलग जिलों में जाकर विकास योजनाओं की समीक्षा करने की पहल की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जिलों में पहुंचकर प्रशासनिक कामकाज का जायजा लेना और स्थानीय लोगों से सीधे बातचीत करना पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कार्यशैली और उनके शासनकाल की परंपरा रही है।
नीरज कुमार के अनुसार, नीतीश कुमार ने अपने कार्यकाल के दौरान कई यात्राएं की थीं। इन यात्राओं के जरिए वे दूर-दराज के इलाकों में जाकर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति देखते थे। अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी उसी कार्यसंस्कृति को आगे बढ़ाते हुए जिलों का दौरा कर रहे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.