अनुशासन और फिटनेस: पीएम मोदी की दिनचर्या से सीखें सेहत के मंत्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को न केवल एक मजबूत और लोकप्रिय नेता के रूप में जाना जाता है, बल्कि एक अनुशासित जीवनशैली के उदाहरण के रूप में भी देखा जाता है। व्यस्ततम कार्यक्रमों और जिम्मेदारियों के बावजूद वह अपनी दिनचर्या में फिटनेस और संतुलित खानपान को प्राथमिकता देते हैं। यही कारण है कि उन्होंने युवाओं को जागरूक करने के लिए फिट इंडिया मूवमेंट की शुरुआत की। उनके 75वें जन्मदिन पर आइए जानें कि वह सेहतमंद रहने के लिए क्या आदतें अपनाते हैं।
सुबह का रूटीन
प्रधानमंत्री मोदी कई बार देर रात तक काम में व्यस्त रहते हैं, लेकिन इसके बावजूद सुबह का समय कभी नहीं छोड़ते। रिपोर्ट्स के अनुसार, वह सुबह लगभग चार बजे उठ जाते हैं। कम नींद लेने के बावजूद वह सैर, सूर्य नमस्कार और मेडिटेशन जैसे अभ्यास नियमित रूप से करते हैं, जो उन्हें पूरे दिन ऊर्जावान बनाए रखते हैं।
साधारण और पौष्टिक भोजन
पीएम मोदी का खानपान बेहद सरल है। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्हें भारी-भरकम व्यंजन पसंद नहीं, बल्कि हल्का और सादा भोजन प्रिय है। नाश्ते में अदरक की चाय और उबले या रोस्ट किए व्यंजन शामिल होते हैं। उन्हें खिचड़ी, उपमा, कढ़ी जैसी डिशेज पसंद हैं। सहजन की फली का पराठा और गुजराती व्यंजन जैसे थेपला और ढोकला भी उनकी डाइट का हिस्सा रहते हैं।
नवरात्रि का व्रत
मोदी पिछले पांच दशकों से नवरात्रि का व्रत रखते आ रहे हैं। उनका मानना है कि यह केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि अनुशासन का हिस्सा भी है। व्रत के दौरान वह दिन में एक बार फल खाते हैं और नौ दिनों तक एक ही फल का सेवन करते हैं।
6 बजे के बाद भोजन नहीं
प्रधानमंत्री मोदी जल्दी भोजन करने की आदत पर जोर देते हैं। वह शाम छह बजे के बाद डिनर से परहेज करते हैं। आयुर्वेद के अनुसार, यह आदत पाचन तंत्र को दुरुस्त रखने और शरीर को भोजन से पूरा पोषण लेने में मददगार है।
मोदी का यह अनुशासित जीवन युवाओं और आम लोगों के लिए एक मिसाल है कि व्यस्त दिनचर्या के बावजूद सही दिनचर्या और खानपान अपनाकर सेहतमंद रहा जा सकता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.