नोएडा में फॉर्च्यूनर कार को लेकर भाई-बहन में विवाद, कार के आगे लेटी बहन; थाने के बाहर हंगामा

HIGHLIGHTS
- नोएडा सेक्टर-113 थाने के बाहर फॉर्च्यूनर कार के मालिकाना हक को लेकर भाई-बहन के बीच विवाद हो गया।
- बहन ने भाई पर कार हड़पने का आरोप लगाया, जबकि भाई ने 32 लाख रुपये में कार बेचने का दावा किया।
- कार ले जाने से रोकने के लिए बहन वाहन के आगे लेट गई, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नोएडा। फॉर्च्यूनर कार को लेकर भाई-बहन के बीच विवाद शनिवार रात और रविवार दोपहर को सेक्टर 113 थाने के बाहर चर्चा का विषय बन गया। दोनों पक्षों ने कार पर अपना मालिकाना हक जताया, जिसके चलते थाने के बाहर हाइवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला।
बहन ने भाई पर कार कब्जाने का आरोप लगाया, जबकि भाई ने दावा किया कि उसने कार 32 लाख रुपये में अपने साले को बेच दी थी और इसी आधार पर वाहन को ले जाने की कोशिश की। इस पर बहन ने विरोध जताते हुए कार के सामने लेटकर उसे ले जाने से रोक दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गाजियाबाद के वसुंधरा सेक्टर-12 निवासी रजनी मलिक के पास फॉर्च्यूनर कार है। उनका भाई जसवीर मान, जो दिल्ली के गौतम नगर में रहता है, कुछ समय पहले कार मांगकर ले गया था। रजनी ने जब कार वापस मांगी तो आरोप है कि जसवीर टालमटोल करने लगा और बाद में कार लौटाने से इनकार कर दिया।
इसके बाद रजनी ने इंदिरापुरम थाना पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने उन्हें कार के संबंध में जानकारी मिलने पर तुरंत सूचना देने को कहा था। शनिवार को कार नोएडा के सर्फाबाद गांव में होने की जानकारी मिलने पर रजनी ने सेक्टर 113 थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस कार को थाने ले आई।
जानकारी मिलने पर जसवीर भी थाने पहुंच गए। उन्होंने रजनी के आरोपों को गलत बताया। जसवीर का कहना था कि रजनी ने कार कुछ समय पहले 32 लाख रुपये में उनके साले को बेच दी थी, लेकिन पारिवारिक कारणों से वाहन का ट्रांसफर नहीं हो सका। उन्होंने पुलिस को ट्रांजेक्शन से जुड़े दस्तावेज भी दिखाए।
जसवीर ने पुलिस को लिखित रूप से दिया कि जब तक कार का ट्रांसफर नहीं हो जाता, तब तक इसकी जिम्मेदारी उनके साले की रहेगी। इसके बाद जब वह कार ले जाने लगे तो रजनी ने विरोध शुरू कर दिया और कार के आगे लेट गईं।
रजनी का कहना था कि उन्होंने कार बेची नहीं थी, बल्कि जो ट्रांजेक्शन दिखाया जा रहा है वह पुराने लेन-देन से जुड़ा है।
सेक्टर 113 थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मामला भाई-बहन के बीच लेन-देन से जुड़ा हुआ है। इस मामले में पहले से इंदिरापुरम थाने में शिकायत दी गई है। आगे की कार्रवाई के लिए मामला वहीं भेजा जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.