यमन में हूती और सऊदी सेना के बीच जंग तेज, लाल सागर के तटीय इलाके पर बढ़ा कब्जा

HIGHLIGHTS
- सऊदी लड़ाकू विमानों ने हूती के ठिकानों पर दर्जनों हमले किए।
- बाब-अल-मंदेब स्ट्रेट के पास के द्वीप पहले से हूती के कब्जे में हैं।
- सऊदी जहाजों के इस समुद्री मार्ग से गुजरने पर हूती ने रोक लगाई है।
सना। यमन में ईरान समर्थित हूती लड़ाकों और सऊदी अरब की सेना के बीच संघर्ष जारी है। गुरुवार को सऊदी अरब के लड़ाकू विमानों ने हूती के ठिकानों को निशाना बनाते हुए दर्जनों हवाई हमले किए। वहीं, हूती ने सऊदी समर्थित यमन सरकार की सेना से कुछ और ठिकानों पर कब्जा कर लिया है। इसके साथ ही लाल सागर से लगे यमन के पूरे तटीय क्षेत्र पर उसका नियंत्रण हो गया है।
लाल सागर के प्रवेश द्वार माने जाने वाले बाब-अल-मंदेब स्ट्रेट के पास स्थित द्वीपों पर हूती पहले ही कब्जा कर चुका है। ऐसे में दुनिया के महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में शामिल इस रास्ते से जहाजों की आवाजाही अब हूती लड़ाकों की अनुमति पर निर्भर हो गई है।
हूती ने इस समुद्री मार्ग से सऊदी अरब के जहाजों के गुजरने पर प्रतिबंध लगा रखा है, जबकि अन्य देशों के व्यापारिक जहाजों का आवागमन सामान्य रूप से जारी है।
देश छोड़ने को मजबूर नागरिक
हूती और सऊदी अरब समर्थित यमन सरकार की सेना के बीच चल रही जमीनी लड़ाई तथा सऊदी लड़ाकू विमानों के हवाई हमलों से बचने के लिए यमनी नागरिक देश से बाहर जा रहे हैं। समुद्री रास्ते के जरिए ये लोग अफ्रीकी देशों में पहुंच रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय प्रवासी संगठन के मुताबिक, पिछले सप्ताह लड़ाई शुरू होने के बाद एक लाख से अधिक नागरिक यमन छोड़कर दूसरे देशों में जा चुके हैं। बुधवार को हूती ने सऊदी अरब के अमेरिका निर्मित एफ-15 लड़ाकू विमान को मार गिराया था। शुक्रवार को लड़ाके विमान के मलबे को उठाकर खुशी मनाते और अल्ला-हू-अकबर के नारे लगाते नजर आए।
ईरान हमारे साथ समझौता करना चाहता: ट्रंप
दुनिया के दो प्रमुख समुद्री मार्गों, होर्मुज स्ट्रेट और बाब-अल-मंदेब स्ट्रेट पर खतरा बढ़ने के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ युद्ध खत्म होने के संकेत दिए हैं। ट्रंप ने कहा कि ईरान अमेरिका के साथ समझौता करना चाहता है। उन्होंने कहा कि देखा जा रहा है कि यह समझौता किस तरह आगे बढ़ता है और उम्मीद है कि ईरान के साथ युद्ध जल्द समाप्त हो जाएगा।
बता दें कि होर्मुज स्ट्रेट से आवाजाही को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच गतिरोध बना हुआ है। वहीं, अन्य स्थानों पर दोनों पक्षों के बीच हमले फिलहाल रुके हुए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.