हमीरपुर: नगर पंचायत अध्यक्ष और पूर्व अध्यक्ष में सड़क पर हाथापाई, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

HIGHLIGHTS
- वार्डवासियों ने जल निकासी और जलभराव की समस्या को लेकर नगर पंचायत में शिकायत की थी।
- नगर पंचायत की टीम कर्मचारियों और जेसीबी के साथ मौके पर पहुंची थी।
- पुलिस को दोनों पक्षों की ओर से शिकायती पत्र मिले हैं और मामले की जांच जारी है।
हमीरपुर: जल निकासी के लिए नाली पर किए गए निर्माण को लेकर पूर्व और मौजूदा नगर पंचायत अध्यक्ष बृहस्पतिवार को सार्वजनिक स्थल पर आमने-सामने आ गईं। पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई और इसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि हाथापाई शुरू हो गई। इस दौरान ईंट से मारने का प्रयास किए जाने की बात भी सामने आई है। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर विवाद शांत कराने की कोशिश की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। दोनों पक्षों ने पुलिस को शिकायती पत्र दिए हैं।
बृहस्पतिवार सुबह करीब 11:45 बजे नगर पंचायत अध्यक्ष आशा रानी कबीर कर्मचारियों और जेसीबी के साथ वार्ड नंबर नौ के बस स्टैंड नई बस्ती इलाके में पहुंची थीं। वार्डवासियों ने जल निकासी बाधित होने और जलभराव की शिकायत की थी। इसी समस्या को देखने के लिए नगर पंचायत की टीम नाली से पानी का बहाव सुचारु कराने पहुंची थी।
इसी दौरान पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष और सपा नेत्री माया वाल्मीकि से नाली के पानी के बहाव को लेकर कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ ही देर में दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। दोनों तरफ से हाथापाई हुई और ईंट उठाकर मारने का प्रयास भी किया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
नाली पर निर्माण से पानी का बहाव था बाधित
बताया गया कि नाली पर पट्टी बनी होने के कारण पानी की निकासी प्रभावित हो रही थी। दो दिन पहले नगर पंचायत कर्मचारियों ने पट्टी हटाई थी। इसके बाद पूर्व अध्यक्ष माया वाल्मीकि की ओर से घर के सामने नाली के पास नया निर्माण कराए जाने की बात सामने आई। इसी को लेकर नगर पंचायत की टीम मौके पर पहुंची थी।
पूर्व अध्यक्ष का आरोप- मकान और गार्डन गिराने आई थीं
पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष माया वाल्मीकि ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत अध्यक्ष उनके मकान को गलत तरीके से बना होने और नाली में ईंटों की दो पट्टियां व गार्डन होने की बात कहकर गिराने का प्रयास कर रही हैं। उनका कहना है कि पहले भी उनकी गैरमौजूदगी में जेसीबी चलाकर मकान को प्रभावित किया गया था। बृहस्पतिवार को भी टीम इसी उद्देश्य से पहुंची थी। विरोध करने पर अध्यक्ष ने उनका हाथ पकड़कर घसीटा और मारपीट की।
अध्यक्ष बोलीं- जल निकासी खुलवाने पर विवाद हुआ
नगर पंचायत अध्यक्ष आशा रानी कबीर ने बताया कि वार्डवासियों की जलभराव की शिकायत पर वह कर्मचारियों और जेसीबी के साथ मौके पर पहुंची थीं। उनके अनुसार नाली में गुम्मा लगाकर पानी का बहाव रोका गया था। इसे खुलवाने की बात कहने पर माया वाल्मीकि गाली-गलौज करने लगीं और ईंट लेकर मारने दौड़ीं। अध्यक्ष ने सरकारी कार्य में बाधा डालने और मारपीट का आरोप लगाया है।
गृहकर प्रभारी ने भी दिया शिकायती पत्र
गृहकर प्रभारी अनुरुद्ध पांडेय ने भी पुलिस को शिकायती पत्र दिया है। उन्होंने बताया कि वह अध्यक्ष और जेई के साथ जल निकासी का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान पूर्व अध्यक्ष माया वाल्मीकि अध्यक्ष से विवाद करने लगीं और उनके साथ भी अपशब्द कहे। उन्होंने आरोप लगाया कि माया वाल्मीकि मारने के लिए दौड़ीं और एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी दी। गृहकर प्रभारी ने झूठे मुकदमे में फंसाए जाने की आशंका भी जताई है।
स्थानीय लोगों ने भी रखी अपनी बात
वार्ड नंबर नौ के बस स्टैंड नई बस्ती निवासी सत्येंद्र सिंह, उमेश, मुंशीलाल, रंजना समेत अन्य लोगों ने बताया कि पूर्व अध्यक्ष के घर के सामने नाली जाम होने से पानी की निकासी प्रभावित हो रही थी। इसी समस्या को लेकर वार्डवासियों ने नगर पंचायत में शिकायत की थी। स्थानीय लोगों ने पूर्व अध्यक्ष और उनके पति पर अभद्र भाषा के इस्तेमाल और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
दोनों पक्षों से मिले शिकायती पत्र
थानाध्यक्ष कुरारा प्रिंस दीक्षित ने बताया कि वार्ड नंबर नौ में विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। उस समय वार्ड की स्थिति सामान्य थी। दोनों पक्षों की ओर से शिकायती पत्र मिले हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.