हाथरस में डेढ़ महीने में किशोरी को 8वीं बार सांप ने डंसा, परिवार दहशत में; वन विभाग से मदद की गुहार

HIGHLIGHTS
- हाथरस जंक्शन के छोटा लाडपुर में सामने आया मामला
- 17 वर्षीय अनीता सरस्वती डिग्री कालेज की बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा है
- मंगलवार शाम घर के अंदर काम करते समय सांप ने डंसा
- चीख सुनकर स्वजन किशोरी को जिला अस्पताल ले गए
- चिकित्सकों ने उपचार के बाद हालत स्थिर बताई
हाथरस। सांप के एक बार काटने की घटनाएं आम तौर पर सुनने को मिलती हैं, लेकिन एक ही किशोरी को डेढ़ महीने के भीतर आठवीं बार सांप के डंसने का मामला हैरान करने वाला है। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं को लेकर परिवार दहशत में है। मेडिकल साइंस के स्तर पर भी इसका कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल पा रहा है। इसे अंधविश्वास माना जाए या कुछ और, इसको लेकर भी कोई स्पष्ट जवाब नहीं है। अब परिवार मजबूरी में सपेरों की मदद ले रहा है।
हाथरस जंक्शन के गांव ऐहन के मजरा छोटा लाडपुर में यह अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां 17 वर्षीय किशोरी अनीता को मंगलवार को आठवीं बार सांप ने डंस लिया। बार-बार हो रही इस घटना से परिवार के लोग बेहद सहमे हुए हैं।
अनीता पुत्री कोमल गौतम सरस्वती डिग्री कालेज में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा है। स्वजन के मुताबिक, मंगलवार सुबह से ही घर में काला सांप दिखाई दे रहा था, जिससे परिवार पहले से ही आशंकित था। शाम को अनीता घर के अंदर काम कर रही थी, तभी सांप ने उसे डंस लिया।
किशोरी की चीख सुनकर स्वजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल जिला अस्पताल ले गए। चिकित्सक ने उसका उपचार किया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पिता कोमल गौतम ने बताया कि उनकी बेटी के साथ ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। पिछले डेढ़ महीने में उसे आठ बार सांप डंस चुका है। तीन दिन के भीतर तीन बार सांप के डंसने की घटना भी हो चुकी है।
हर बार अस्पताल में इलाज के बाद अनीता की हालत ठीक हो जाती है, लेकिन घर लौटने के बाद परिवार के सामने फिर सांप का डर बना रहता है। घर में बार-बार सांप दिखाई देने से परिवार के अन्य सदस्य भी सहमे हुए हैं। छोटे बच्चे घर के अंदर जाने से भी कतरा रहे हैं। परिवार ने सांप को पकड़ने के लिए कई सर्प मित्रों को बुलाया, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली।
परिवार के मुताबिक, सांप कभी दीवार की दरारों में तो कभी सामान के पीछे छिप जाता है। लगातार कोशिशों के बावजूद सांप के नहीं पकड़े जाने पर अब परिवार ने वन विभाग से उसे पकड़ने की गुहार लगाई है। इस घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग इसे अंधविश्वास से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कुछ घर में सांप का बिल होने की आशंका जता रहे हैं।
स्वजन ने प्रशासन से मांग की है कि वन विभाग की टीम भेजकर घर की जांच कराई जाए और सांप को पकड़कर बच्ची की जान बचाई जाए। वहीं चिकित्सक के अनुसार किशोरी को निगरानी में रखा गया है और एंटी वेनम सहित जरूरी उपचार दिया जा रहा है।
लाड़पुर निवासी कोमल प्रसाद ने बताया कि उनकी बेटी अनीता को 17 सितंबर को घर में सांप ने डस लिया था। हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल से अलीगढ़ मेडिकल कालेज रेफर किया गया था। इलाज के बाद जब बेटी घर पहुंची और बाथरूम गई, तो वहां पहले से मौजूद सांप ने उसे फिर डस लिया। किशोरी की चीख सुनकर स्वजन वहां पहुंचे और आनन-फानन में उसे दोबारा जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया।
घर में छिपा हो सकता है सांप
पिता कोमल प्रसाद का कहना है कि डेढ़ महीने में आठवीं बार सांप के काटने की घटना से वह बेहद परेशान हो चुके हैं। सर्प विशेषज्ञों का अनुमान है कि सांप घर के किसी कोने या बाथरूम के आसपास छिपा हो सकता है। इसी वजह से किशोरी बार-बार उसकी चपेट में आ रही है। चिकित्सकों ने परिवार को घर की गहन सफाई कराने और सतर्क रहने की सलाह दी है।
सांप को घर से भगाने के लिए थाली भी बजवाई
अनीता के पिता कोमल प्रसाद ने बताया कि सांप को घर से बाहर निकालने के लिए थाली भी बजवाई गई, लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हुआ। परिवार पहले भी सर्प मित्रों को बुला चुका है, मगर सांप पकड़ में नहीं आया।
पिता का दावा है कि उनकी बेटी को कोबरा ने काटा है। उनके मुताबिक, वन विभाग से संपर्क किए जाने के बावजूद अभी तक कोई सांप पकड़ने नहीं पहुंचा है।
एंटी वेनम देकर बचाई गई जान
जिला अस्पताल के सीएमएस डा. सूर्यप्रकाश ने बताया कि किशोरी को इमरजेंसी में तत्काल एंटी वेनम का इंजेक्शन दिया गया। इसके बाद दो घंटे के भीतर उसकी स्थिति में सुधार आ गया। सीएमएस के अनुसार, आशंका है कि सांप अत्यधिक जहरीला नहीं था। इसी वजह से किशोरी की जान बार-बार बच रही है और उसकी हालत में तेजी से सुधार हो रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.