बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की नियुक्ति पर हाई कोर्ट का फैसला, स्पीकर का आदेश रद्द

HIGHLIGHTS
- बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के चयन को लेकर विवाद पर कलकत्ता हाई कोर्ट ने फैसला सुनाया।
- न्यायमूर्ति कृष्ण राव की एकल पीठ ने स्पीकर रथींद्र बसु का पुराना आदेश खारिज किया।
- स्पीकर ने तीन जून को ऋतब्रत बनर्जी को नेता प्रतिपक्ष के रूप में मान्यता दी थी।
कोलकाता। बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के चयन को लेकर जारी विवाद पर कलकत्ता हाई कोर्ट ने अहम फैसला सुनाया है। शुक्रवार को न्यायमूर्ति कृष्ण राव की एकल पीठ ने विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बसु के उस फैसले को रद्द कर दिया, जिसके तहत उन्होंने तीन जून को ऋतब्रत बनर्जी को नेता प्रतिपक्ष के रूप में मान्यता दी थी।
अदालत ने स्पीकर को निर्देश दिया है कि वे 10 दिनों के भीतर इस मामले पर दोबारा निर्णय लें। हाई कोर्ट के इस फैसले के बाद नेता प्रतिपक्ष के पद पर ऋतब्रत की नियुक्ति पर सवाल खड़े हो गए हैं।
शोभनदेव के नाम पर तृणमूल ने भेजा था पत्र
विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को 80 सीटें मिली हैं और वह राज्य की प्रमुख विपक्षी पार्टी है। पार्टी अध्यक्ष ममता बनर्जी ने शोभनदेव चट्टोपाध्याय को नेता प्रतिपक्ष के लिए चुना था। इस फैसले की जानकारी देते हुए पार्टी की ओर से नौ मई को विधानसभा अध्यक्ष को पत्र भेजा गया था।
हालांकि, आरोप है कि स्पीकर ने इस पत्र पर कोई कार्रवाई नहीं की। बाद में पत्र पर विधायकों के हस्ताक्षर जाली होने का आरोप भी लगाया गया। इसके बाद एक जून को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में ऋतब्रत बनर्जी और एंटाली के विधायक संदीपन साहा को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया।
तीन जून को तृणमूल के बागी विधायकों ने स्पीकर को पत्र सौंपकर ऋतब्रत को नेता प्रतिपक्ष बनाने की मांग की। इसी पत्र के आधार पर विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें इस पद के लिए मान्यता दे दी। स्पीकर के इस फैसले के खिलाफ शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की थी।
राजनीतिक दल के फैसले की अनदेखी नहीं कर सकते स्पीकर
इससे पहले 18 अगस्त को हाई कोर्ट की खंडपीठ ने कहा था कि स्पीकर किसी राजनीतिक दल के सदस्य हो सकते हैं, लेकिन संवैधानिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते समय उनसे निष्पक्ष रहने की अपेक्षा की जाती है। नेता प्रतिपक्ष और मुख्य सचेतक की नियुक्ति के मामले में सिर्फ विधायकों की संख्या ही नहीं, बल्कि संबंधित राजनीतिक दल के फैसले को भी महत्व देना जरूरी है।
सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति राव ने भी सवाल किया था कि 78 विधायकों की मांग को दरकिनार कर 54 या 56 विधायकों की राय को प्राथमिकता क्यों दी गई। अदालत ने स्पीकर से राजनीतिक दल के संविधान और नेता के चयन से जुड़े प्रस्ताव पर भी स्पष्टीकरण मांगा था।
शुक्रवार को सुनाए गए फैसले में अदालत ने स्पीकर के पुराने निर्णय को खारिज करते हुए उन्हें 10 दिनों के भीतर नए सिरे से फैसला लेने का निर्देश दिया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.