टिकट वाले बयान पर उमा भारती की सफाई, बोलीं- मेरी बात अहंकार से प्रेरित नहीं थी

HIGHLIGHTS
- उमा भारती ने शुक्रवार को टिकट वाले बयान पर अपनी सफाई पेश की।
- उन्होंने कहा कि ग्वालियर में दिया गया बयान अहंकार से प्रेरित नहीं था।
- वृंदावन से भोपाल लौटते समय ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर पत्रकारों ने उनसे सवाल किया था।
भोपाल। आगामी लोकसभा चुनाव में टिकट को लेकर दिए गए बयान पर राजनीतिक चर्चाओं में आईं भाजपा की वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने शुक्रवार को अपनी बात स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि ग्वालियर में दिया गया उनका बयान अहंकार से प्रेरित नहीं था, बल्कि उनकी राजनीतिक यात्रा की वास्तविकता को बताता है। उमा भारती के अनुसार, पार्टी ने उन्हें कभी सीधे टिकट नहीं दिया, बल्कि हर बार चुनाव लड़ने के लिए तैयार किया और राजी किया।
दरअसल, वृंदावन से भोपाल लौटते समय ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर पत्रकारों ने उनसे आगामी लोकसभा चुनाव में टिकट मिलने को लेकर सवाल किया था। इस पर उमा भारती ने कहा था कि टिकट देने की किसकी औकात है, यह वह खुद तय करती हैं कि उन्हें चुनाव लड़ना है या नहीं। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई थी और इंटरनेट मीडिया पर भी इसे लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी थीं।
'मेरे जवाब पर भूचाल आ जाएगा, ऐसा नहीं सोचा था'
विवाद बढ़ने के बाद उमा भारती ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट साझा कर पूरे मामले पर सफाई दी। उन्होंने लिखा कि ग्वालियर स्टेशन पर पत्रकारों ने उनसे पूछा था कि क्या पार्टी 2029 के लोकसभा चुनाव में उन्हें टिकट देगी। इस सवाल का जवाब देते हुए उनके मुंह से स्वाभाविक रूप से वह बात निकल गई, लेकिन उनके जवाब पर इतना बड़ा विवाद खड़ा हो जाएगा, इसकी उन्होंने कल्पना नहीं की थी।
उमा भारती ने कहा कि उनकी टिप्पणी अहंकार दिखाने के लिए नहीं थी। उन्होंने दोहराया कि पार्टी ने उन्हें कभी सीधे टिकट नहीं दिया, बल्कि हर बार चुनाव लड़ने के लिए तैयार किया और इसके लिए राजी किया।
योग्यता और योगदान के आधार पर मिलती है जिम्मेदारी
अपनी पोस्ट में उमा भारती ने प्रधानमंत्री समेत कई नेताओं का उदाहरण देते हुए कहा कि देश के अनेक नेता सामान्य परिवारों से निकलकर लगातार जनसेवा और संगठन में योगदान के दम पर ऊंचे मुकाम तक पहुंचे हैं। पार्टी में भी जिम्मेदारियां इसी प्रक्रिया के तहत दी जाती हैं।
उन्होंने कहा कि चुनावी टिकट से जुड़े सवाल का वास्तविक अर्थ समझना जरूरी है। उनके मुताबिक, किसी व्यक्ति को जिम्मेदारी सौंपने में उसकी योग्यता, संगठन और जनता के लिए उसकी जरूरत तथा योगदान देने की क्षमता जैसे पहलू अहम होते हैं। जब जनता और संगठन के कार्यकर्ता किसी व्यक्ति को स्वीकार करते हैं, तो उसे चुनाव लड़ने की जिम्मेदारी भी मिलती है। टिकट देना एक वैधानिक प्रक्रिया है, जिसे चुनाव आयोग के लिए पूरा करना होता है।
शराबबंदी अभियान पर भी रखी अपनी बात
उमा भारती ने अपनी पोस्ट में शराबबंदी के मुद्दे पर भी विचार रखे। उन्होंने कहा कि शराबबंदी की नीति बन चुकी है, लेकिन इसके बावजूद पुलिस के साथ जनप्रतिनिधियों की सतर्कता बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि शराबबंदी के लिए चलाया गया उनका अभियान सफल रहा, क्योंकि समग्रता के साथ एक नीति बनाई गई। अब इसकी निगरानी में जनप्रतिनिधियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.