हैदराबाद में यूथ कांग्रेस का मेटा ऑफिस में हंगामा, गमले तोड़े और फेंके; बीजेपी ने घेरा

HIGHLIGHTS
- तेलंगाना यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को हैदराबाद स्थित मेटा कार्यालय में प्रदर्शन किया।
- प्रदर्शन के दौरान कार्यालय में तोड़फोड़ की गई और गमले फेंके गए।
- कार्यकर्ता उदय भानु चिब और मनीष शर्मा के सोशल मीडिया अकाउंट पर प्रतिबंध लगाए जाने का विरोध कर रहे थे।
हैदराबाद। तेलंगाना यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को हैदराबाद स्थित मेटा के कार्यालय में जमकर हंगामा किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यालय में तोड़फोड़ की गई और वहां रखे गमले फेंक दिए गए। कार्यकर्ता संगठन के दो पदाधिकारियों के सोशल मीडिया अकाउंट पर लगाए गए प्रतिबंधों के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे।
प्रदेश अध्यक्ष जक्कीदी शिवचरण रेड्डी के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने मेटा और बीजेपी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर राजनीतिक हस्तक्षेप का आरोप लगाते हुए कुछ पोस्ट को दोबारा बहाल करने की मांग की।
मेटा को सात दिन का अल्टीमेटम
सामने आए वीडियो में प्रदर्शनकारी कार्यालय के गलियारों और कैफेटेरिया के आसपास दौड़ते नजर आ रहे हैं। कुछ कार्यकर्ता गमले तोड़ते हुए भी दिखाई दिए। इंडियन यूथ कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मेटा से हिम्मत दिखाने की अपील की। संगठन ने प्रतिबंधित अकाउंट और पोस्ट को बहाल करने के लिए सात दिनों का अल्टीमेटम दिया है।
कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो अदालतों, सड़कों और कार्यालयों तक में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
क्या है पूरा मामला?
खबरों के मुताबिक, मेटा ने यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के सोशल मीडिया हैंडल पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसी के विरोध में मुंबई यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बीकेसी स्थित मेटा कार्यालय के बाहर भी प्रदर्शन किया था।
यह विरोध प्रदर्शन भारतीय यूथ कांग्रेस के नेताओं के सोशल मीडिया अकाउंट सस्पेंड किए जाने के खिलाफ था। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बीजेपी और आरएसएस की आलोचना करने वाली आवाजों को दबाने के लिए यह कदम उठाया गया है।
कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के अकाउंट सस्पेंड करना सोशल मीडिया पर असहमति जताने वाली आवाजों को खामोश करने की कोशिश है।
बीजेपी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
मेटा कार्यालय में हुई तोड़फोड़ की बीजेपी ने कड़ी आलोचना की है। पार्टी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गुंडा करार दिया।
बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा, "इंडियन यूथ कांग्रेस के गुंडों ने न केवल हैदराबाद में मेटा के दफ्तर में तोड़फोड़ की और उसे तहस-नहस कर दिया, बल्कि वे सोशल मीडिया पर इसका दिखावा भी कर रहे हैं! याद कीजिए कि कैसे उन्होंने वर्ल्ड एआई समिट में नग्न होकर घुसने की हरकत की और भारत को अपमानित किया था! राहुल गांधी की पार्टी कांग्रेस गुंडों की पार्टी है! यही कांग्रेस मॉडल है: निजी कंपनियों के दफ्तरों में तोड़फोड़ करना!"
भंडारी ने लोगों से इस तोड़फोड़ का विरोध करने की अपील करते हुए कहा, "यही वजह है कि जब कांग्रेस सत्ता में थी तब भारत फ्रैजाइल फाइव अर्थव्यवस्थाओं में से एक था।"
वहीं, बीआरएस नेता केटी रामा राव ने भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गुंडा बताया। उन्होंने राहुल गांधी से सवाल किया कि क्या कंपनियों को भारत लाने के लिए गुंडागर्दी करना ही उनका तरीका है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.