IIT खड़गपुर के 75 साल पूरे, पीएम मोदी बोले- विकसित भारत के निर्माण में निभाएगा अहम भूमिका

HIGHLIGHTS
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल के IIT खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में शामिल हुए।
- पीएम मोदी ने संस्थान के 75 वर्षों के अनुभव को विकसित भारत के लिए महत्वपूर्ण बताया।
- उन्होंने कहा कि चुनौतियों का सामना करने का साहस ही वास्तविक क्षमता को तय करता है।
खड़गपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल स्थित IIT खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देश जब 'विकसित भारत' के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, तब IIT खड़गपुर का 75 वर्षों का अनुभव विकास और नवाचार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाला है।
पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि आज के आकांक्षी भारत की उम्मीदों और सपनों को पूरा करने में संस्थान के विद्यार्थी और पूर्व छात्र कोई कमी नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि किसी की वास्तविक क्षमता का आकलन इस बात से होता है कि वह चुनौतियों का सामना किस साहस के साथ करता है। लोग अक्सर उनसे चुनौतियों के बारे में सवाल करते हैं। इस पर वह कहते हैं कि चुनौतियां उनके स्वभाव का हिस्सा हैं और वह उन्हें चुनौती दिए बिना नहीं रह सकते।
आकार ले रहा है भविष्य
IIT खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस धरती पर कभी स्वशासन की आकांक्षा थी, आज वहीं आत्मनिर्भरता का संकल्प नजर आता है। जिस स्थान पर कभी आजादी का सपना देखा गया था, वहां आज भविष्य को नया आकार देने के अवसर मौजूद हैं। आकांक्षाओं से आत्मनिर्भरता तक का यह सफर ही 'विकसित भारत' के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है।
IIT खड़गपुर के सफर को किया याद
प्रधानमंत्री मोदी ने संस्थान के शुरुआती दौर को याद करते हुए कहा कि जब IIT खड़गपुर की शुरुआत हुई थी, तब देश को आजाद हुए ज्यादा समय नहीं बीता था। भारत में पहला आम चुनाव भी नहीं हुआ था। उस समय देश को उद्योगों और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए इंजीनियरों की जरूरत थी।
राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी निभाता रहा संस्थान
पीएम मोदी ने कहा कि देश की वैज्ञानिक क्षमताओं के विस्तार के साथ IIT खड़गपुर के स्नातकों ने अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद सूचना प्रौद्योगिकी यानी IT का दौर आया। वैश्विक अर्थव्यवस्था में नए अवसर पैदा होने के साथ यहां से शिक्षा प्राप्त करने वाले युवाओं ने भारत के सॉफ्टवेयर उद्योग को मजबूती दी और दुनिया की कई बड़ी कंपनियों का नेतृत्व भी किया।
उन्होंने कहा कि हर दौर में इस संस्थान ने राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझा है और उसे निभाने के लिए आगे बढ़कर काम किया है।
कभी इसी स्थान पर था डिटेंशन कैंप
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कई दशक पहले इसी जगह पर डिटेंशन कैंप यानी कैदखाना हुआ करता था। यहां उन भारतीयों ने अपने अदम्य साहस और जज्बे का परिचय दिया था, जो स्वशासन चाहते थे और भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का सपना देखते थे। आज उसी जमीन पर IIT खड़ा है, जहां युवाओं को तराशकर उनका भविष्य संवारा जा रहा है।
विचारों और राष्ट्रीय आंदोलनों की धरती रहा है बंगाल
पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल की धरती हमेशा से विचारों के विकास और राष्ट्रीय आंदोलनों का केंद्र रही है। उन्होंने बताया कि जिस जगह पर आज यह संस्थान स्थित है, वहां कभी स्वतंत्रता सेनानियों को रखने के लिए डिटेंशन कैंप बनाया गया था।
उन्होंने कहा कि यह सोचने वाली बात है कि यहां कैद रहे स्वतंत्रता सेनानी आपस में किन मुद्दों पर चर्चा करते होंगे और दिनभर उनके मन में क्या विचार आते होंगे। आज भी इस जगह का वातावरण उनके जीवन, विचारों और उस समय की गतिविधियों की याद दिलाता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.