इंदौर में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, खजराना से 80 से ज्यादा अवैध निर्माण हटाए

HIGHLIGHTS
- इंदौर के खजराना में नगर निगम और जिला प्रशासन ने बड़ी अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई की, जिसमें 80 से ज्यादा अवैध निर्माणों को हटाया गया।
- नाहर शाहवली दरगाह के सामने 50 से अधिक झोपड़े, 15 शेड, 8 दुकानें और 3 अवैध मकान तोड़कर करोड़ों रुपये की सरकारी जमीन को कब्जे से मुक्त कराया गया।
- अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अन्य सरकारी जमीनों पर भी अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं, जहां जल्द कार्रवाई की जाएगी।
इंदौर में नगर निगम और जिला प्रशासन ने शनिवार को अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। खजराना क्षेत्र में नाहर शाहवली दरगाह के सामने सरकारी जमीन पर बने 50 से अधिक झोपड़े, 15 शेड, 8 बड़ी दुकानें और 3 अवैध मकानों को हटाया गया। कई सालों से लोगों ने इस सरकारी जमीन पर कब्जा कर रखा था। कुछ अतिक्रमणकर्ताओं ने दुकानों और शेड को किराए पर देकर अच्छी कमाई भी की थी।
सरकारी भूमि को कब्जे से मुक्त कराने के लिए नगर निगम की रिमूवल गैंग जिला प्रशासन के साथ खजराना पहुंची। कार्रवाई से पहले अतिक्रमणकारियों को जगह खाली करने की चेतावनी दी गई थी। इससे पहले भी नोटिस जारी कर अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अधिकांश लोगों ने कब्जा नहीं हटाया।
शनिवार को करीब दो घंटे तक चली कार्रवाई में चार जेसीबी मशीनों और 50 से ज्यादा श्रमिकों की मदद से अवैध निर्माणों को हटाया गया। निगम के अमले ने कुल 80 से अधिक अवैध निर्माणों को जमींदोज कर करोड़ों रुपये मूल्य की शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।
अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में अन्य सरकारी जमीनों पर भी अतिक्रमण की पहचान की गई है। जल्द ही वहां भी कार्रवाई कर जमीन को कब्जे से मुक्त कराया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.