दिशा बैठक में कंगना रनौत के सख्त तेवर, अधिकारियों को लगाई फटकार

HIGHLIGHTS
- कंगना रनौत ने दिशा बैठक की अध्यक्षता की।
- पिछली बैठकों के फैसलों पर प्रगति नहीं होने से सांसद नाराज हुईं।
- लंबित विकास कार्यों के लिए अलग-अलग सूचियां बनाने के निर्देश दिए गए।
मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी से सांसद कंगना रनौत ने जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि बैठकें सिर्फ कागजी औपचारिकता बनकर न रह जाएं। पिछली बैठकों में लिए गए फैसलों और सुझावों पर अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि योजनाओं को कागजों से निकालकर जमीन पर लागू करना जरूरी है, तभी वास्तविक समस्याओं का समाधान किया जा सकेगा। बैठक के दौरान कार्यों में देरी को लेकर उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार भी लगाई।
बैठक में कंगना के दिखे तीखे तेवर
बैठक के दौरान कंगना के तेवर काफी सख्त नजर आए। उन्होंने कहा, “बार-बार वही सुझाव आते हैं। उन पर अमल नहीं होता। आपके कानों पर जू नहीं रेंगती। सबका वक्त क्यों बर्बाद किया जा रहा है?” उन्होंने यह भी कहा कि जो भी अधिकारी जिम्मेदार हैं, वे खड़े हो जाएं।
केंद्र से राशि मिलने के बावजूद भू-अधिग्रहण, अनुमतियों और एनओसी के अभाव में लंबित विकास कार्यों को लेकर सांसद ने तीखे सवाल किए। उन्होंने निर्देश दिया कि कार्यों की प्रगति के आधार पर अलग-अलग सूचियां तैयार की जाएं। इसके साथ ही हर लंबित मामले के लिए समयबद्ध एक्शन प्लान तैयार करने को कहा, ताकि यह साफ हो सके कि कौन सा काम किस चरण में अटका हुआ है।
लापरवाही पर कंगना की अधिकारियों को चेतावनी
कंगना ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि मंडी संसदीय क्षेत्र के विकास कार्यों पर पूरे देश की नजर है। ऐसे में विभागों की लापरवाही से कोई नकारात्मक संदेश नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सिर्फ यह कहना पर्याप्त नहीं है कि राशि वापस करने के निर्देश दिए जा चुके हैं। जब तक पैसा सरकारी खाते में वापस नहीं आता, तब तक काम को अधूरा ही माना जाएगा।
उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि अब केवल बातें नहीं, बल्कि जमीन पर परिणाम दिखाई देने चाहिए। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की रिपोर्ट उच्च स्तर पर भेजी जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.