‘खलनायक रिटर्न्स’ का फर्स्ट लुक जारी, बल्लू के रूप में संजय दत्त की वापसी

करीब तीन दशक पहले रिलीज हुई संजय दत्त की चर्चित फिल्म ‘खलनायक’ एक बार फिर सुर्खियों में है। 1993 की इस सुपरहिट फिल्म के सीक्वल ‘खलनायक रिटर्न्स’ का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। इसके साथ ही मेकर्स ने फिल्म का फर्स्ट लुक और पोस्टर भी जारी कर दिए हैं, जिसने फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है।
फर्स्ट लुक में दिखा दमदार अंदाज
जारी किए गए फर्स्ट लुक वीडियो में संजय दत्त एक बार फिर अपने चर्चित किरदार बल्लू के रूप में नजर आ रहे हैं। लंबे बालों और खतरनाक अंदाज में उनकी एंट्री दिखाई गई है। वीडियो में घायल लोगों के बीच पहुंचकर वह अपने पुराने अंदाज में डायलॉग बोलते हैं और ‘नायक नहीं खलनायक हूं मैं’ गुनगुनाते नजर आते हैं। यह लुक साफ इशारा करता है कि फिल्म में उनका किरदार पहले की तरह ही दमदार और एक्शन से भरपूर होगा।
पोस्टर ने बढ़ाई उत्सुकता
फिल्म के पोस्टर में भी संजय दत्त का रफ और इंटेंस लुक देखने को मिल रहा है। पोस्टर शेयर करते हुए उन्होंने लिखा कि हर कहानी का एक समय होता है और अब वह समय आ गया है। वहीं एक अन्य पोस्ट के साथ उन्होंने कहा कि कुछ कहानियां खत्म नहीं होतीं, बल्कि फिर से शुरू होती हैं।
फिल्म को लेकर बढ़ा उत्साह
फिलहाल फिल्म की रिलीज डेट का खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन घोषणा के बाद से ही दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। फिल्म का निर्माण जियो स्टूडियो के बैनर तले किया जा रहा है।
जेल में आया सीक्वल का विचार
एक कार्यक्रम के दौरान संजय दत्त ने बताया कि उन्हें ‘खलनायक’ के सीक्वल का विचार जेल में ही आया था। उन्होंने कहा कि वहां अक्सर इस फिल्म के गानों की मांग होती थी। इसी दौरान उन्होंने कैदियों से पूछा कि वे ‘खलनायक 2’ देखना चाहते हैं या नहीं, जिस पर सभी ने सहमति जताई। बाद में उन्होंने कुछ कैदियों के सुझाव लेकर निर्देशक से चर्चा की, जिससे इस प्रोजेक्ट की शुरुआत हुई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.