मुंबई में 13वीं मंजिल से कूदकर लॉ ग्रेजुएट ने दी जान, दो युवतियों पर केस

HIGHLIGHTS
- 6 अगस्त को युवक के दो दोस्तों ने उसकी मां को बेंगलुरु में पढ़ाई के दौरान संबंध की जानकारी दी।
- मां के अनुसार, रिश्ता खत्म होने के बाद पुलिस केस में फंसाने की धमकी दी जा रही थी।
- अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
मुंबई। मुंबई के खेरवाड़ी पुलिस ने बांद्रा ईस्ट में 13वीं मंजिल स्थित अपार्टमेंट से कूदकर जान देने वाले 24 वर्षीय लॉ ग्रेजुएट युवक के मामले में दो युवतियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों युवतियों पर आरोप है कि वे युवक को पुलिस केस में फंसाने की धमकी दे रही थीं। इसके चलते वह मानसिक तनाव में था। इसी दौरान उसने अपार्टमेंट की 13वीं मंजिल से छलांग लगा दी।
मृतक युवक बांद्रा ईस्ट में अपने माता-पिता और छोटे भाई के साथ रहता था। उसने पहले एक जज के पास लॉ क्लर्क के तौर पर काम किया था। फिलहाल वह घर से काम कर रहा था।
युवक की मां ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से वह तनाव में नजर आ रहा था। 6 अगस्त को उसके दो दोस्तों ने फोन कर बताया कि बेंगलुरु में पढ़ाई के दौरान उसका एक युवती के साथ संबंध था।
रिश्ता खत्म होने के बाद धमकी देने का आरोप
मृतक की मां के अनुसार, रिश्ता खत्म होने के बाद युवती और उसकी बड़ी बहन युवक को पुलिस केस में फंसाने की धमकी दे रही थीं। उनका कहना है कि इसी वजह से युवक तनाव में था।
परिजनों को उसके छोटे भाई के फोन पर आरोपियों में से एक का संदेश भी मिला था, जिसमें पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की धमकी दी गई थी।
फोन पर बात के दौरान कमरे में हुआ बंद
युवक की मां के पास 6 अगस्त को उसके दो दोस्तों का फोन आया था। उन्होंने बेंगलुरु में पढ़ाई के दौरान युवक के एक युवती के साथ संबंध होने की जानकारी दी।
मां जब उसके दोस्त से फोन पर बात कर रही थीं, उसी दौरान युवक अपने बेडरूम में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद उसने 13वीं मंजिल की खिड़की से छलांग लगा दी।
मां ने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन जब दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने ड्राइवर से डुप्लीकेट चाबी बनवाने को कहा। इसी बीच ड्राइवर ने बताया कि इमारत के नीचे काफी भीड़ जमा हो गई है और युवक खिड़की से कूद गया है।
युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उसकी मां ने पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने दोनों युवतियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.