अहमदाबाद की फूड पैकेजिंग फैक्ट्री में भीषण आग, दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर

HIGHLIGHTS
- स्थिति गंभीर होने पर 10 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
- अलग-अलग दिशाओं से पानी की बौछार कर आग बुझाने का प्रयास
- आग को आसपास की फैक्ट्रियों तक फैलने से रोकने की कोशिश
अहमदाबाद। अहमदाबाद के नरोदा GIDC फेज-3 में प्लॉट नंबर 28 पर स्थित एक फूड प्रोडक्ट पैकेजिंग कंपनी में अचानक आग लग गई। जिस समय फैक्ट्री में काम चल रहा था, उसी दौरान आग लगने से अंदर मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। फैक्ट्री से उठता काला धुआं काफी दूर तक दिखाई दे रहा था।
आग की जानकारी तुरंत अहमदाबाद फायर डिपार्टमेंट को दी गई। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए शुरुआत में दमकल की 7 गाड़ियां भेजी गई थीं, लेकिन स्थिति गंभीर होने पर अब कुल 10 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच चुकी हैं।
दमकलकर्मी अलग-अलग दिशाओं से पानी की बौछार कर आग बुझाने का प्रयास कर रहे हैं। फायर डिपार्टमेंट की टीम आग को आसपास के क्षेत्र और नजदीक स्थित अन्य फैक्ट्रियों तक फैलने से रोकने के लिए विशेष सावधानी बरत रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए अहमदाबाद के मेयर हितेश बारोट भी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य का जायजा लिया।
कोई हताहत नहीं
घटना में फिलहाल राहत की बात यह है कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह अभी आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आई है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट समेत अन्य तकनीकी कारणों की भी जांच की जाएगी।
आग की वजह से फैक्ट्री के अंदर मौजूद कच्चे माल और मशीनरी को भारी आर्थिक नुकसान होने की संभावना है। फायर डिपार्टमेंट की टीम अभी आग पर पूरी तरह काबू पाने में जुटी है। आग बुझने के बाद ही इसके कारण और हुए आर्थिक नुकसान का सही आकलन हो सकेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.