शेख हसीना की वापसी के एलान से बांग्लादेश में बवाल, अवामी लीग ने किया 2 दिन के लॉकडाउन का एलान

HIGHLIGHTS
- शेख हसीना की संभावित वापसी के एलान के बाद बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव बढ़ा।
- अवामी लीग ने 27 और 28 नवंबर को देशव्यापी फुल लॉकडाउन का आह्वान किया।
- पार्टी प्रवक्ता सैयद मुजम्मिल अली के मुताबिक, शेख हसीना 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटेंगी।
ढाका। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की स्वदेश वापसी के एलान के बाद देश में एक बार फिर राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। कई इलाकों में हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आई हैं। इस बीच, हसीना की पार्टी अवामी लीग ने पार्टी पर लगा प्रतिबंध हटाने और राजनीतिक बंदियों को रिहा करने समेत कई मांगों को लेकर 27 और 28 नवंबर को देशव्यापी 'फुल लॉकडाउन' का आह्वान किया है।
दरअसल, अवामी लीग के प्रवक्ता सैयद मुजम्मिल अली ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि शेख हसीना 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटेंगी। इस दिन 1971 के मुक्ति संग्राम में जीत की वर्षगांठ मनाई जाती है। हसीना की वापसी से जुड़ी खबर सामने आने के बाद देश में राजनीतिक तनाव और बढ़ गया है।
शेख हसीना के गृह जिले में तोड़फोड़
शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज सहित कई क्षेत्रों में हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाएं हुई हैं। वहीं, अवामी लीग अपने नेताओं के खिलाफ कार्रवाई, पार्टी पर लगाए गए राजनीतिक प्रतिबंधों और मौजूदा हालात को लेकर सरकार के विरोध में आंदोलन कर रही है।
मंगलवार को शेख हसीना के गृह जिले में अवामी लीग के कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया। इसी दौरान गोपालगंज में 12 दुकानों में भी तोड़फोड़ की गई।
अवामी लीग ने किया लॉकडाउन का एलान
शेख हसीना की वापसी के एलान के बाद अवामी लीग ने 27 और 28 नवंबर को बांग्लादेश में लॉकडाउन की घोषणा की है। पार्टी ने तारिक रहमान सरकार के सामने आठ मांगें भी रखी हैं। इस घटनाक्रम से देश में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
बढ़ते तनाव के बीच जमात-ए-इस्लामी के प्रमुख शफीकुर्रहमान अपना ऑस्ट्रेलिया-मलेशिया दौरा बीच में छोड़कर ढाका लौट रहे हैं।
क्या हैं शेख हसीना की पार्टी की प्रमुख मांगें?
अवामी लीग ने सरकार के सामने आठ प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें शेख हसीना और पार्टी नेताओं के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने से लेकर महंगाई पर नियंत्रण और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तक के मुद्दे शामिल हैं।
मुकदमे वापस लेने की मांग: शेख हसीना और उनकी पार्टी के नेताओं के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लिया जाए। राजनीतिक रूप से प्रेरित फैसलों को रद्द किया जाए।
पार्टी से प्रतिबंध हटाने की मांग: अवामी लीग पर लगाया गया प्रतिबंध समाप्त किया जाए और पार्टी को राजनीतिक गतिविधियां संचालित करने की अनुमति दी जाए।
पार्टी नेताओं की रिहाई: जेल में बंद अवामी लीग के नेताओं को रिहा किया जाए और उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे हटाए जाएं।
महंगाई पर नियंत्रण: बांग्लादेश में बढ़ती महंगाई को नियंत्रित किया जाए। बिजली, गैस, पानी, ईंधन और खाद जैसी जरूरी चीजों की कीमतें कम की जाएं।
रोजगार और उद्योगों को लेकर मांग: बेरोजगार श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराया जाए और बंद पड़े उद्योगों व कारखानों को दोबारा शुरू किया जाए।
नागरिकों की सुरक्षा: हत्या, बलात्कार, जबरन वसूली, लूटपाट और अवैध कब्जे जैसी घटनाओं पर रोक लगाई जाए। महिलाओं और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
झूठे मुकदमे वापस लेने की मांग: सैन्य और नागरिक अधिकारियों के साथ पत्रकारों के खिलाफ दर्ज कथित झूठे मुकदमे वापस लिए जाएं और प्रेस की स्वतंत्रता सुनिश्चित की जाए।
उग्रवाद और आतंकवाद पर कार्रवाई: उग्रवाद और आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई की जाए। जेल से रिहा किए गए आतंकियों और उग्रवादियों को फिर से गिरफ्तार किया जाए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.