नोएडा सेक्टर-19 में AC शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, समय रहते बाहर निकले 11 लोग

HIGHLIGHTS
- नोएडा सेक्टर-19 ए ब्लॉक के तीन मंजिला मकान में विंडो एसी में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई।
- आग तीसरी मंजिल से दूसरी मंजिल तक पहुंची, लेकिन समय रहते 11 लोग सुरक्षित बाहर निकल आए।
- दमकल विभाग ने तीन गाड़ियों की मदद से करीब एक घंटे में आग पर काबू पा लिया, हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
नोएडा के सेक्टर-19 ए ब्लॉक स्थित एक तीन मंजिला मकान में रविवार सुबह विंडो एसी में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। हादसा करीब सुबह 11 बजे हुआ। आग लगते ही घर के आसपास धुएं का गुबार फैल गया।
आग तीसरी मंजिल से दूसरी मंजिल तक पहुंच गई। हालांकि, आग के ज्यादा फैलने से पहले ही घर में मौजूद युवतियों समेत 11 लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। सूचना मिलने के बाद पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने तीन गाड़ियों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत की बात रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
विंडो एसी से निकला धुआं, पड़ोसी ने दी सूचना
नोएडा सेक्टर-19 आरडब्ल्यूए महासचिव लख्मी नारायण ने बताया कि सेक्टर 19 ए-682 प्लॉट पर तीन मंजिला मकान बना हुआ है। तीसरी मंजिल के तीन कमरों में किराये पर युवतियां रहती हैं।
उन्होंने बताया कि एक कमरे में लगे विंडो एसी से पड़ोसी को धुआं निकलता दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने शोर मचाकर कमरे में रहने वाली युवतियों को इसकी जानकारी दी और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। युवतियों और अन्य लोगों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग लगातार फैलती गई।
फायर टीम ने दो मंजिल तक सीमित रखी आग
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि सुबह करीब 11 बजकर 27 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम तीन दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची।
फायरकर्मी बीए सेट पहनकर अंदर पहुंचे और पानी की बौछार कर आग बुझाने का काम शुरू किया। धुएं को बाहर निकालने के लिए खिड़कियां खोली गईं और कुछ शीशे भी तोड़े गए।
अग्निशमन टीम ने आग को दो मंजिलों तक ही सीमित रखा। करीब एक घंटे बाद दो गाड़ियों की मदद से आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। आग के दौरान न तो कोई व्यक्ति अंदर फंसा और न ही किसी के घायल होने की जानकारी मिली।
आग की सूचना पर जुटी भीड़
आग लगने की जानकारी मिलते ही आसपास रहने वाले लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और मकान के सामने सड़क व पार्क में जमा हो गए। आग बुझने और अग्निशमन टीम के वापस जाने के बाद लोग अपने घरों में लौट गए। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने फायर टीम के प्रयासों की सराहना की।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.