PM मोदी के जन्मदिन पर जगमगाया पूरा पटना, 'आशीर्वाद के दीये' से रोशन हुआ गंगा पथ

HIGHLIGHTS
- जेपी गंगा पथ पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम शुरू हुआ।
- मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के दीर्घायु जीवन की कामना की।
- बाढ़ पीड़ितों के लिए सामुदायिक रसोई का निरीक्षण किया।
पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर बिहार में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को जेपी गंगा पथ (मरीन ड्राइव) पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की कामना की।
इसके बाद मुख्यमंत्री पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और पटना हवाई अड्डे पर आयोजित कार्यक्रमों में भी शामिल हुए।
दीप प्रज्वलित कर सेवा अभियान का संदेश
मुख्यमंत्री ने लोक सेवक आवास में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का सार्वजनिक जीवन राष्ट्र निर्माण और जनसेवा के संकल्प की यात्रा है।
जन्मदिन के मौके पर सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना को लोगों तक पहुंचाने के साथ जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
बाढ़ प्रभावित लोगों से मिले मुख्यमंत्री
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने जेपी गंगा पथ स्थित बिंद टोली में बाढ़ पीड़ितों के लिए चल रहे सामुदायिक रसोई केंद्र का निरीक्षण किया।
उन्होंने वहां भोजन की व्यवस्था और उसकी गुणवत्ता की जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और राहत व्यवस्था को लेकर अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।
डिग्निटी किट और स्वास्थ्य जांच कार्ड वितरित
मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच डिग्निटी किट और स्वास्थ्य जांच कार्ड बांटे। इसके अलावा बाढ़ के दौरान जान गंवाने वाले व्यक्ति के आश्रित को सहायता राशि का चेक भी सौंपा।
उन्होंने चिकित्सा शिविर का निरीक्षण कर बाढ़ पीड़ितों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी ली।
स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सांस्कृतिक कार्यक्रम
जेपी गंगा पथ के बाद मुख्यमंत्री पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पहुंचे। यहां आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में उन्होंने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं।
कलाकारों ने विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए और गंगा आरती भी की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पद्मश्री से सम्मानित डॉ. आरएन सिंह, डॉ. शांति राय, डॉ. विजय प्रकाश और डॉ. जेके सिंह को अंगवस्त्र एवं हरित पौधा देकर सम्मानित किया।
मंत्री और जनप्रतिनिधि भी रहे मौजूद
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह और सांसद रविशंकर प्रसाद सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पटना प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक जितेंद्र राणा, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित कई अधिकारी और गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.