दिल्ली में उमस से बेहाल लोग, 38.6 डिग्री तापमान में 46 डिग्री जैसी गर्मी का एहसास

HIGHLIGHTS
- दिल्ली में उमस भरी गर्मी से लोग परेशान रहे, 38.6 डिग्री तापमान के बावजूद 46 डिग्री जैसी गर्मी महसूस हुई।
- मौसम विभाग के अनुसार 19 जुलाई तक तेज धूप और उमस का असर जारी रहने की संभावना है।
- राजधानी का AQI 246 दर्ज किया गया, धूल भरी हवाओं के कारण हवा की गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में पहुंची।
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में सोमवार को गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान रखा। तेज धूप, कम हवा और बढ़ी हुई नमी के कारण वास्तविक तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस होने के बावजूद लोगों को 46.1 डिग्री सेल्सियस जैसी गर्मी महसूस हुई। हालांकि देर रात चली तेज हवाओं से लोगों को कुछ राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक 29.1 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में हवा में नमी का स्तर 76 प्रतिशत तक पहुंच गया, जिससे उमस का असर और बढ़ गया।
19 जुलाई तक गर्मी और उमस से राहत की उम्मीद कम
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में दिल्ली में मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही बना रहेगा। बादलों की आवाजाही के बीच धूप निकलने और उमस बढ़ने की संभावना है। 19 जुलाई तक लोगों को गर्मी से पूरी तरह राहत मिलने की उम्मीद कम है।
दिल्ली की हवा फिर खराब श्रेणी में
गर्मी के साथ राजधानी की हवा की गुणवत्ता भी चिंता का कारण बनी हुई है। सोमवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) लगातार दूसरे दिन ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया। AQI का स्तर 246 रहा।
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने जानकारी दी कि हवा की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है और अगले एक-दो दिन में AQI के ‘मध्यम’ श्रेणी में पहुंचने की संभावना है।
धूल भरी हवाओं से बढ़ा प्रदूषण
विशेषज्ञों के अनुसार, दिल्ली में अचानक प्रदूषण बढ़ने की मुख्य वजह पश्चिमी दिशा से आई धूल भरी हवाएं रहीं। अफगानिस्तान, ईरान और पाकिस्तान के आसपास बने धूल भरे तूफान का असर उत्तर-पश्चिम भारत तक पहुंचा, जिससे वातावरण में बड़े आकार के धूल कणों की मात्रा बढ़ गई और हवा की गुणवत्ता प्रभावित हुई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.