'जींद का घी और घेवर तो नहीं बदला, लेकिन तेवर बदल गया', PM मोदी बोले- इतिहास के पन्नों में दर्ज हुआ हरियाणा

HIGHLIGHTS
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जींद-सोनीपत रूट पर देश की पहली हाइड्रोजन फ्यूल सेल ट्रेन की शुरुआत को भारत की स्वच्छ ऊर्जा यात्रा में बड़ा कदम बताया।
- 3200 हॉर्सपावर क्षमता वाली यह ट्रेन दुनिया की सबसे शक्तिशाली हाइड्रोजन ट्रेनों में शामिल है, जिसे भारतीय इंजीनियरों ने तैयार किया है।
- पीएम मोदी ने जींद में इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार और नए निवेश की संभावनाएं जताईं, वहीं हरियाणा को 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात मिली।
जींद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की पहली हाइड्रोजन फ्यूल सेल ट्रेन के शुभारंभ के अवसर पर कहा कि यह सिर्फ एक नई रेल सेवा नहीं, बल्कि भारत की स्वच्छ ऊर्जा और आधुनिक तकनीक की दिशा में बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि फिलहाल यह ट्रेन करीब 90 किलोमीटर के रूट पर संचालित होगी, लेकिन आने वाले समय में इसके विस्तार की काफी संभावनाएं हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन तकनीक को और बेहतर बनाने के लिए लगातार शोध किया जाएगा, ताकि इसकी लागत कम हो और संचालन क्षमता में बढ़ोतरी हो सके। उन्होंने बताया कि दुनिया में अभी कुछ ही देशों के पास हाइड्रोजन ट्रेन चलाने की तकनीक है और वहां भी यह शुरुआती चरण में है। ऐसे में भारत का इस क्षेत्र में आगे बढ़ना बड़ी उपलब्धि है।
दुनिया की सबसे शक्तिशाली हाइड्रोजन ट्रेनों में शामिल
जींद से सोनीपत के बीच चलने वाली यह ट्रेन कई मायनों में खास है। इसकी क्षमता 3200 हॉर्सपावर बताई गई है, जो इसे दुनिया की सबसे शक्तिशाली हाइड्रोजन ट्रेनों में शामिल करती है। इसके अलावा यह लंबी दूरी तक चलने वाली हाइड्रोजन ट्रेन सेवाओं में भी एक महत्वपूर्ण स्थान रखती है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस ट्रेन को भारतीय इंजीनियरों ने डिजाइन किया है और इसका निर्माण भी देश की ही कंपनी ने किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस परियोजना से जींद में नए इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास होगा और कई कंपनियां निवेश के लिए आगे आएंगी।
हरियाणा को मिले 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक के प्रोजेक्ट
पीएम मोदी ने कहा कि इस अवसर पर हरियाणा को 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की अन्य विकास परियोजनाओं की सौगात भी मिली है। इनमें रेलवे, हाईवे, विरासत संरक्षण से जुड़े कार्य और दो नए मेडिकल कॉलेज शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से युवाओं के लिए रोजगार और मेडिकल क्षेत्र में नए अवसर पैदा होंगे।
जींद के स्वच्छता अभियान की पीएम ने की तारीफ
प्रधानमंत्री ने जींद के लोगों की स्वच्छता अभियान में भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों ने सफाई को लेकर जिस उत्साह और जिम्मेदारी का परिचय दिया है, वह प्रेरणादायक है।
उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से वह सोशल मीडिया पर जींद में चल रहे सफाई अभियान की तस्वीरें और वीडियो देख रहे थे। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि पीएम को बार-बार जींद आना चाहिए, ताकि सफाई अभियान लगातार चलता रहे।
जींद से जुड़ी पुरानी यादें साझा कीं
प्रधानमंत्री ने जींद से अपने पुराने संबंधों को याद करते हुए कहा कि यहां आना उनके लिए पुरानी यादों को ताजा करने जैसा है। उन्होंने बताया कि कई दशक पहले वह संगठन के काम से जींद आए थे और यहां के लोगों से मिले प्रेम और अपनापन को वह आज भी याद रखते हैं।
उन्होंने जींद के दूध-दही, मुर्रा भैंस के दूध-घी, देसी बूरा और घेवर का भी जिक्र किया और कहा कि ये चीजें इस शहर की पहचान से जुड़ी हुई हैं।
LIVE : माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कर कमलों से भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारम्भ #NaMoGreenRail https://t.co/kYSPSS4M7e
— Nayab Saini (@NayabSainiBJP) July 17, 2026
सीएम नायब सैनी ने बताया ऐतिहासिक दिन
LIVE : माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कर कमलों से भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारम्भ #NaMoGreenRail https://t.co/kYSPSS4M7e
— Nayab Saini (@NayabSainiBJP) July 17, 2026हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का गौरव हरियाणा और जींद को मिलना राज्य के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि ग्रीन एनर्जी के संकल्प का परिणाम है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारत अब केवल तकनीक लेने वाला देश नहीं रहा, बल्कि दुनिया भारत के नवाचार और तकनीकी क्षमता की ओर देख रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.