NEET पेपर लीक विवाद पर सियासत तेज, राहुल गांधी ने सरकार के सामने रखीं 5 बड़ी मांगें

HIGHLIGHTS
- NEET विवाद पर राहुल गांधी ने सरकार के सामने 5 मांगें रखीं।
- दिल्ली प्रदर्शन के दौरान राहुल-प्रियंका गांधी हिरासत में लिए गए।
- सरकार ने कांग्रेस पर राजनीतिक आरोप लगाने का पलटवार किया।
नई दिल्ली। नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर शुरू हुआ छात्र आंदोलन अब राजनीतिक टकराव का रूप ले चुका है। सोमवार को प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के बाद मंगलवार को दिल्ली में धरना, प्रदर्शन और नेताओं की हिरासत का दौर देखने को मिला। विपक्ष ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन कर छात्रों पर हुई कार्रवाई का विरोध जताया।
पूरे घटनाक्रम में सड़क से शुरू हुआ छात्र आंदोलन अब केंद्र सरकार और विपक्ष के बीच सियासी मुद्दा बन गया है। प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रिहाई के बाद केंद्र सरकार के सामने पांच प्रमुख मांगें रखीं।
पीएम आवास के बाहर प्रदर्शन, राहुल-प्रियंका हिरासत में
मंगलवार को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना और प्रदर्शन किया। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित कई नेताओं को हिरासत में ले लिया।
राहुल गांधी को छत्रसाल स्टेडियम और प्रियंका गांधी को मंदिर मार्ग थाने ले जाया गया।
रात करीब 9 बजे हुई राहुल और प्रियंका की रिहाई
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की हिरासत के बाद पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भी प्रियंका गांधी से मिलने मंदिर मार्ग थाने पहुंचीं। इसके बाद रात करीब 9 बजे दोनों नेताओं को रिहा कर दिया गया।
राहुल गांधी ने सरकार के सामने रखीं 5 मांगें
रिहाई के बाद राहुल गांधी ने नीट विवाद को लेकर केंद्र सरकार के सामने पांच मांगें रखीं।
- अमित शाह और धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा: राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
- पुलिस कार्रवाई पर कार्रवाई: प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग की।
- प्रधानमंत्री से माफी की मांग: छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर प्रधानमंत्री से देश से माफी मांगने को कहा।
- संसद में चर्चा: नीट पेपर लीक मामले पर संसद के दोनों सदनों में तत्काल चर्चा कराने की मांग की।
- शिक्षा व्यवस्था में सुधार: परीक्षा प्रणाली और शिक्षा व्यवस्था में जरूरी सुधार जल्द लागू करने की मांग की।
राहुल गांधी ने सरकार से पूछे सवाल
राहुल गांधी ने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था बार-बार क्यों प्रभावित हो रही है और पेपर लीक की घटनाएं क्यों सामने आ रही हैं। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि भारत में शिक्षा इतनी महंगी क्यों हो गई है कि परिवारों को अपनी पूरी जमा-पूंजी दांव पर लगानी पड़ती है।
उन्होंने कहा कि ये छात्रों और देश के भविष्य से जुड़े जायज सवाल हैं और इन्हें उठाना गलत नहीं है।
सरकार का पलटवार- कांग्रेस पर राजनीति करने का आरोप
राहुल गांधी के आरोपों पर केंद्र सरकार ने भी प्रतिक्रिया दी। पीएमओ में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह धरना स्थल पर पहुंचे और राहुल गांधी से बातचीत की। बाद में उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अपनी बात से पीछे हट रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले राहुल संसद में चर्चा की बात कर रहे थे, लेकिन अब इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
धर्मेंद्र प्रधान ने कांग्रेस पर साधा निशाना
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि सरकार संसद में नीट मुद्दे पर विस्तृत चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस समाधान निकालने की जगह राजनीतिक हंगामा कर रही है और उसका उद्देश्य छात्रों की मदद करना नहीं बल्कि सुर्खियां हासिल करना है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.