यूपी: 'कथा रोकी तो नमाज और चर्च की प्रार्थना भी रोकनी पड़ेगी', धीरेंद्र शास्त्री का बयान

HIGHLIGHTS
- कुंडा के बेंती परेड ग्राउंड में कथा समापन के बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने मीडिया से बात की।
- भगवान कृष्ण पर दिए बयान को लेकर उन्होंने कहा, 'हमारे नाम में ही कृष्ण है।'
- धीरेंद्र शास्त्री ने 21 नवंबर को मथुरा जाने की बात कही।
प्रतापगढ़। कुंडा के बेंती परेड ग्राउंड में कथा समापन के बाद देर रात बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर और कथाव्यास आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान कृष्ण को लेकर दिए गए अपने बयान पर मीडिया के सामने सफाई दी। उन्होंने कहा कि हमारे नाम में ही कृष्ण है। हम 21 नवंबर को मथुरा जाने वाले हैं।
इस दौरान उन्होंने कहा कि वह ज्यादा सफाई इसलिए नहीं देते, क्योंकि जब कोई अपने काम के लिए निकलता है तो तरह-तरह की बातें होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा, 'वह अपना काम कर रहे हैं और हम अपना काम कर रहे हैं। संविधान के अनुच्छेद 25 और 26 के तहत हमें अपने धर्म का प्रचार करने का पूरा अधिकार है।'
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि इस आधार पर कथा नहीं रोकी जा सकती। अगर कथा पर रोक लगाई जाएगी तो नमाज और चर्च की प्रार्थना भी रोकनी पड़ेगी। ऐसा होने पर व्यवस्था बिगड़ जाएगी। उन्होंने कहा कि हिंदू और सनातनी जाग रहे हैं और अब हिंदुओं ने मुखर होकर जवाब देना शुरू कर दिया है।
यह उत्सव नहीं, सनातन जागरण का महोत्सव है: धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री
कथाव्यास धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि बेंती में एक ओर गंगा बह रही हैं तो दूसरी तरफ अगले चार दिनों तक रामकथा की गंगा बहेगी। ऐसा लग रहा है, जैसे कुंडा में प्रयागराज का महाकुंभ आयोजित हो गया हो। चारों ओर सनातनियों की भीड़ उमड़ी हुई है।
उन्होंने कहा कि सनातन के प्रखर और मुखर व्यक्तित्व तथा हिंदुत्व के लिए समर्पित उनके अति प्रिय रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया की ओर से यह आयोजन कराया जा रहा है। यह महज उत्सव नहीं, बल्कि सनातन जागरण का महोत्सव है।
कार्यक्रम में संत, महंत, महात्मा, राजपीठ और व्यासपीठ से जुड़े लोग पहुंचे। कथा शुरू होने में देरी होने पर कथाव्यास ने लोगों से माफी भी मांगी। उन्होंने कहा कि पहली बार पाकिस्तानी हिंदुओं को कथा सुनाने में आनंद आ रहा है। यह उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि अगले दिन सुबह पाकिस्तानी हिंदुओं से हवन भी कराया जाएगा।
जिस राज्य की प्रजा प्रसन्न, वही राम राज्य: धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री
इससे पहले कुंडा के बेंती राजभवन में कथा का शुभारंभ करते हुए बागेश्वर पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री महाराज ने राम राज्य की परिभाषा बताई थी। उन्होंने कहा था कि जिस राज्य में पूरी प्रजा प्रसन्न रहती है, वही राम राज्य कहलाता है। इसके विपरीत, जिस राज्य में केवल राजा प्रसन्न रहता है, वह रावण राज्य है।
मंगलवार दोपहर तीन बजे शुरू हुई रामकथा में उन्होंने कहा कि जिस राज्य में नारी को भोग की वस्तु नहीं, बल्कि पूजनीय माना जाता है, वही राम राज्य है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम ही ब्रह्म हैं और उनसे बेहतर आदर्श चरित्र किसी का नहीं हो सकता।
कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि आज गोपाष्टमी है, जो ठाकुर जी की अष्टमी है। इसी दिन ठाकुर जी ने गाय चराना शुरू किया था। उन्होंने बताया कि इसी दिन प्रतापगढ़ की धरती पर जन्मे धर्म सम्राट स्वामी करपात्री ने गाय माता के मुद्दे को लेकर संसद की ओर कूच कर आंदोलन शुरू किया था।
उन्होंने कहा कि गोपाष्टमी के दिन ही कुंडा में रामकथा की शुरुआत हो रही है। सनातन और रामकथा का उद्देश्य सभी को जोड़ना है। प्रभु राम जन-जन के हैं। उन्होंने कहा कि प्रभु राम वन गए, तभी वह 'बन' पाए। यदि वह वन नहीं जाते तो मर्यादा पुरुषोत्तम नहीं बन पाते।
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि कुछ लोग प्रभु श्रीराम के वनवास के लिए कैकेयी को जिम्मेदार बताते हैं, लेकिन प्रभु राम कैकेयी के लिए नहीं, बल्कि शबरी के लिए वन गए थे। उन्होंने कहा कि राम और श्याम सभी के हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.