नैना को लेकर हुआ विवाद बना हत्या की वजह, पुलिस मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- फिरोजाबाद के सिरसागंज में 10 नवंबर को हाईवे किनारे फहीम अहमद का क्षत-विक्षत शव मिला था।
- मृतक की पहचान बरेली निवासी 35 वर्षीय पल्लेदार फहीम अहमद के रूप में हुई।
- पुलिस ने हत्या के आरोपी आमिर उर्फ सलमान खान को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया।
फिरोजाबाद के थाना सिरसागंज क्षेत्र में नेशनल हाईवे के पास 10 नवंबर की शाम बरेली निवासी पल्लेदार फहीम अहमद का क्षत-विक्षत शव मिलने के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में पता चला कि युवक की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि दूसरे कोल्ड स्टोरेज में काम करने वाले एक अन्य पल्लेदार ने प्रेम प्रसंग और शक के चलते की थी। बृहस्पतिवार रात पुलिस के साथ मुठभेड़ में मुख्य आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है।
सीओ सिरसागंज चंचल त्यागी ने बताया कि 10 नवंबर को थाना सिरसागंज क्षेत्र के राधे मोड़ के पास हाईवे किनारे एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। बाद में उसकी पहचान बरेली के शीशगढ़ (बिलासपुर बस अड्डा) निवासी फहीम अहमद (35) पुत्र बाबू के रूप में हुई। मामले में मृतक के बहनोई की तहरीर पर थाना सिरसागंज में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थीं। बृहस्पतिवार रात मुखबिर ने सूचना दी कि हत्या का आरोपी आमिर उर्फ सलमान खान पुत्र असमुद्दीन खान निवासी अहमदपुर, थाना सिरसागंज, अहमदपुर बंबा के पास से कहीं जा रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम सतर्क हो गई और चेकिंग के दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने की कोशिश की। पुलिस की घेराबंदी देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में आत्मरक्षा के लिए पुलिस ने कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक, एक सूजा, खून से सने कपड़े, मृतक का क्षतिग्रस्त मोबाइल, पर्स और 315 बोर का एक तमंचा, दो खोखा तथा एक कारतूस बरामद किया गया है।
शराब पिलाकर की हत्या, सीसीटीवी फुटेज से सामने आई साजिश
पल्लेदार फहीम अहमद की हत्या की गुत्थी सुलझने पर पुलिस के सामने भी चौंकाने वाले तथ्य आए। पूछताछ के दौरान आरोपी आमिर उर्फ सलमान खान ने हत्या से जुड़ी कई बातें बताईं। उसके खुलासे से पता चला कि उसने पूरी योजना बनाकर फहीम की हत्या की थी। फहीम सिरसागंज स्थित आरपी कोल्ड स्टोर में रहकर पल्लेदारी करता था। वह 8 नवंबर से अचानक लापता हो गया था।
पुलिस की जांच में सामने आया कि 8 नवंबर को आमिर उर्फ सलमान साजिश के तहत फहीम को कोल्ड स्टोर से अपनी बाइक पर बैठाकर ले गया था। दोनों ने करहल तिराहे पर शराब खरीदी थी। इस दौरान वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में दोनों दिखाई दिए थे। इसके अलावा, जब आमिर अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाने पहुंचा, तब भी फहीम उसके साथ बाइक पर मौजूद था।
इसके बाद दोनों राधे मोड़ पहुंचे और वहां से करीब 200 मीटर दूर हाईवे किनारे बैठकर शराब पी। इसी दौरान नैना नाम की महिला को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। गुस्से में आकर आमिर ने अपने पास रखे सूजे को फहीम की आंख में घोंप दिया। इसके बाद उसने लात-घूंसों से बेरहमी से पीटकर उसकी हत्या कर दी।
तीन बच्चों की मां है नैना, आरोपी को था फहीम से संबंध होने का शक
पुलिस पूछताछ में आमिर ने बताया कि नैना तीन बच्चों की मां है, जबकि फहीम अविवाहित था। करीब एक साल पहले नैना और फहीम आरपी कोल्ड स्टोर में एक साथ काम करते थे। बाद में नैना ने वहां काम छोड़ दिया और पास के जगदंबा कोल्ड स्टोर में काम करने लगी।
आरोपी आमिर के भी तीन बच्चे हैं, लेकिन उसे शक था कि फहीम और नैना के बीच अब भी संबंध बने हुए हैं। इसी शक और ईर्ष्या के चलते उसने फहीम को शराब पार्टी के बहाने बुलाया और इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.