दिल्ली के गुरुद्वारे में जलाई गई सोनिया गांधी की किताब, सिख समुदाय का फूटा गुस्सा

HIGHLIGHTS
- दिल्ली के रकाब गंज गुरुद्वारे में सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' जलाकर विरोध प्रदर्शन किया गया।
- प्रदर्शन में 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ित परिवारों के सदस्य शामिल हुए।
- सोनिया गांधी ने अपनी किताब में 1984 की हिंसा को देश के इतिहास का दुखद और शर्मनाक अध्याय बताया है।
- दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने किताब को 'नफरत का सफर' और 'झूठ का पुलिंदा' करार दिया।
दिल्ली के रकाब गंज गुरुद्वारे में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की चर्चित किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' को जलाकर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन में 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ित परिवारों के सदस्य शामिल हुए। इस दौरान दिल्ली सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के सदस्य भी मौजूद रहे। किताब के प्रकाशन से पहले ही इसे लेकर विवाद और चर्चाएं शुरू हो गई थीं।
प्रदर्शनकारियों ने 1984 की हिंसा को लेकर सोनिया गांधी की ओर से किताब में लिखी गई बातों पर नाराजगी जताई। उस हिंसा में हजारों सिखों की जान गई थी। मंगलवार को रिलीज हुई अपनी किताब में सोनिया गांधी ने 1984 के सिख विरोधी दंगों को देश के इतिहास का एक 'दुखद और शर्मनाक' अध्याय बताया है।
सोनिया गांधी ने किताब में 1984 दंगों को लेकर क्या लिखा?
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा है कि उनके पति और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के मन में किसी के प्रति कट्टरता या दुश्मनी नहीं थी। हालांकि, इतिहास के एक ऐसे दौर में उन्हें शासन की जिम्मेदारी संभालनी पड़ी, जब सरकार व्यवस्था बनाए रखने में नाकाम रही और इसके चलते बर्बरता को बढ़ावा मिला।
सोनिया ने लिखा कि इंदिरा गांधी की हत्या की खबर तेजी से फैली। उनके मुताबिक, शुरुआत में कई लोगों ने जरनैल सिंह भिंडरावाले के अंत का स्वागत किया था, लेकिन हत्या के बाद हालात बदल गए। दोपहर होते-होते दिल्ली के अलग-अलग इलाकों और उसके बाहर भी हिंसा फैल गई।
उन्होंने अपनी यादों का जिक्र करते हुए लिखा कि बेगुनाह सिखों के खिलाफ हिंसा की बेहद क्रूर घटनाएं हुईं। केवल राजधानी में ही 2,000 से अधिक लोगों की जान चली गई। उन्होंने इस हिंसा को बेहद बेरहमी से अंजाम दिया जाना बताया।
सिरसा ने किताब को बताया 'झूठ का पुलिंदा'
दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बुधवार को सोनिया गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता ने अपने संस्मरण में 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़ी घटनाओं को गलत तरीके से पेश किया है। सिरसा के मुताबिक, किताब में उन कांग्रेस नेताओं के नामों का जिक्र नहीं किया गया है, जो हिंसा के लिए जिम्मेदार थे।
उन्होंने दावा किया कि सोनिया गांधी ने इस पुस्तक के जरिए अपने परिवार की छवि बेहतर दिखाने की कोशिश की है। सिरसा ने किताब को 'प्यार का सफर' बताने के बजाय 'नफरत का सफर' और 'झूठ का पुलिंदा' करार दिया।
भाजपा नेता ने तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने का लगाया आरोप
भाजपा नेता और वरिष्ठ अधिवक्ता एच.एस. फूलका ने भी बुधवार को सोनिया गांधी की किताब में 1984 के सिख विरोधी दंगों को लेकर लिखी गई बातों पर आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि पुस्तक में इतिहास के तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। उनके मुताबिक, इसके जरिए लोगों को गुमराह करने और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के साथ नेहरू-गांधी परिवार को अनुचित रूप से क्लीन चिट देने की कोशिश की गई है।
सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों की ओर से कानूनी लड़ाई लड़ चुके फूलका ने दावा किया कि संस्मरण के माध्यम से एक बार फिर यह गलत धारणा बनाने का प्रयास किया जा रहा है कि 1984 की हिंसा लोगों के गुस्से से उपजा स्वतःस्फूर्त 'हिंदू-सिख संघर्ष' था।
फूलका ने कहा, ''यह न तो स्वतःस्फूर्त भड़का दंगा था और न ही हिंदू-सिखों के बीच टकराव।'' उन्होंने यह भी कहा कि आम हिंदू सिखों की हत्या नहीं करते।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.