दिल्ली बॉर्डर पर सुरक्षा हाई अलर्ट, सिंघु-टिकरी समेत कई एंट्री प्वाइंट पर सख्त निगरानी

HIGHLIGHTS
- जंतर-मंतर प्रदर्शन के बाद दिल्ली पुलिस ने सिंघु, टिकरी, औचंदी समेत बॉर्डर इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
- दिल्ली में प्रवेश करने वाले वाहनों और संदिग्ध लोगों की सघन जांच की जा रही है, कई जगहों पर अस्थायी बैरिकेड लगाए गए हैं।
- संवेदनशील इलाकों, मेट्रो स्टेशनों और प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी व ड्रोन से निगरानी बढ़ाई गई, पुलिस ने सुरक्षा रणनीति की समीक्षा की।
दिल्ली। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान हुई घटनाओं के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिल्ली पुलिस ने बाहरी दिल्ली के बॉर्डर इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी है। सिंघु, टिकरी, औचंदी समेत अन्य सीमावर्ती क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर बहुस्तरीय निगरानी शुरू कर दी गई है। किसी भी बड़े समूह के प्रवेश को रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए वाहनों और संदिग्ध लोगों की जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को नई दिल्ली क्षेत्र में हुए प्रदर्शन और संसद की ओर बढ़ने की कोशिश के बाद दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा इंतजाम और मजबूत कर दिए हैं। खासतौर पर हरियाणा सीमा से जुड़े सिंघु, टिकरी, औचंदी और दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के धांसा, कापसहेड़ा, नजफगढ़ समेत अन्य प्रवेश मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
अर्धसैनिक बल और क्विक रिएक्शन टीम की तैनाती
बॉर्डर क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल के साथ दंगा नियंत्रण वाहन, अर्धसैनिक बल और क्विक रिएक्शन टीम को तैनात किया गया है। हरियाणा सीमा की ओर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली में प्रवेश करने वाले वाहनों की अलग-अलग स्थानों पर जांच की जा रही है।
कई जगहों पर अस्थायी बैरिकेड लगाए गए हैं और संदिग्ध वाहनों व लोगों की तलाशी ली जा रही है। पुलिस की विशेष टीमें सीमावर्ती इलाकों में लगातार गश्त कर रही हैं। वहीं खुफिया इकाइयों को भी हर गतिविधि पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार, नई दिल्ली में हुई घटना के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की है। इसके बाद उन रास्तों पर विशेष निगरानी बढ़ाई गई है, जहां से बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों के राजधानी में पहुंचने की संभावना रहती है।
सीसीटीवी और ड्रोन से रखी जा रही नजर
बाहरी दिल्ली के संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों, मेट्रो स्टेशनों और बस अड्डों पर भी पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई है। सुरक्षा एजेंसियां सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से भी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.