संसद में पीएम मोदी से मिले शरद पवार और सुप्रिया सुले, छात्रों के मुद्दों पर हुई चर्चा
By Hitesh — July 22, 2026

HIGHLIGHTS
- शरद पवार और सुप्रिया सुले ने संसद परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।
- नीट-यूजी पेपर लीक मामले में एनसीपी (एससीपी) ने छात्रों के समर्थन का रुख दोहराया।
- सुप्रिया सुले ने एनडीए में शामिल होने की अटकलों को खारिज किया।
Author: — Dainik Dehat
संसद के मानसून सत्र के दौरान बुधवार को एनसीपी (एससी) प्रमुख शरद पवार और बारामती सांसद सुप्रिया सुले ने संसद परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और छात्रों से जुड़े मुद्दों के बीच इस मुलाकात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इससे पहले मंगलवार को शरद पवार और सुप्रिया सुले जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन में भी शामिल हुए थे। यह प्रदर्शन नीट-यूजी पेपर लीक मामले को लेकर किया जा रहा है। एनसीपी (एससीपी) ने इस मुद्दे पर छात्रों का समर्थन करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग का भी समर्थन किया है।
केंद्र सरकार से की संवेदनशीलता दिखाने की अपील
शरद पवार ने केंद्र सरकार से अपील करते हुए कहा कि छात्रों और आम नागरिकों की मांगों को संवेदनशीलता के साथ सुना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि संविधान हर नागरिक को अधिकार देता है और सरकार जनता के प्रति जवाबदेह है।
उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से विरोध कर रहे लोगों की आवाज दबाने के बजाय उनकी मांगों पर उचित कदम उठाए जाने चाहिए।
एनडीए में शामिल होने की अटकलों को किया खारिज
वहीं, एनसीपी (एससीपी) के एनडीए में शामिल होने या किसी नए राजनीतिक गठबंधन की संभावनाओं को लेकर चल रही चर्चाओं पर सुप्रिया सुले ने स्पष्ट रूप से इनकार किया है।
उन्होंने कहा कि पार्टी के किसी भी वरिष्ठ नेता को किसी अन्य राजनीतिक दल की ओर से कोई प्रस्ताव नहीं मिला है।
दरअसल, मुंबई में एनसीपी के कुछ नेताओं और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बीच हुई बैठकों के बाद इस तरह की अटकलें सामने आई थीं। हालांकि, शरद पवार गुट ने साफ किया कि ये मुलाकातें केवल प्रशासनिक विषयों को लेकर थीं और उनका किसी राजनीतिक गठजोड़ से कोई संबंध नहीं था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.