झारखंड विधानसभा में SIR के खिलाफ प्रस्ताव पारित, मुख्य निर्वाचन आयुक्त को हटाने की भी मांग

HIGHLIGHTS
- झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में SIR पर सरकार का प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित हुआ।
- संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने प्रस्ताव सदन में पेश किया।
- सरकार ने SIR की समय-सीमा बढ़ाने और प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग की।
रांची। झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में बुधवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सत्तारूढ़ गठबंधन की ओर से पेश प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित हो गया। इस मुद्दे पर सदन में काफी देर तक चर्चा हुई। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस और गहमागहमी भी देखने को मिली।
संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सदन में प्रस्ताव पेश करते हुए SIR की समय-सीमा बढ़ाने और पूरी प्रक्रिया को आसान बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी योग्य मतदाता मतदाता सूची से बाहर न हो। इसके साथ ही उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाने का प्रस्ताव भी रखा।
विधानसभा अध्यक्ष ने ध्वनिमत के आधार पर प्रस्ताव पारित होने की घोषणा की। सदन में विरोध और हंगामे के बावजूद विपक्ष के विधायक कार्यवाही के अंतिम समय तक मौजूद रहे।
SIR के विरोध में नहीं, लेकिन पश्चिम बंगाल के हालात से चिंतित: सरकार
SIR को लेकर राज्य सरकार का पक्ष रखते हुए संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने साफ कहा कि झारखंड सरकार विशेष गहन पुनरीक्षण के सिद्धांत के खिलाफ नहीं है, लेकिन पश्चिम बंगाल में सामने आए हालात को लेकर चिंतित है।
सरकार की ओर से पारित संकल्प में पश्चिम बंगाल में हुए SIR का हवाला दिया गया। इसमें कहा गया कि वहां 90 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए, जबकि अपीलों की सुनवाई के लिए गठित ट्रिब्यूनलों को 38 लाख से ज्यादा आवेदन प्राप्त हुए।
सरकार का दावा है कि इनमें से अधिकांश आवेदनों पर सुनवाई नहीं हो सकी। झारखंड सरकार ने आशंका जताई कि यदि राज्य में भी ऐसी स्थिति बनती है तो बड़ी संख्या में योग्य मतदाता अपने मताधिकार से वंचित हो सकते हैं।
राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि राज्य सरकार SIR की अवधारणा के खिलाफ नहीं है। हालांकि, उसकी मांग है कि मौजूदा प्रक्रिया को पहले रोका जाए और सभी राज्यों के साथ-साथ छोटे-बड़े राजनीतिक दलों से व्यापक विचार-विमर्श किया जाए। इसके बाद पारदर्शी नियम और सरल मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार कर नए सिरे से SIR की प्रक्रिया शुरू की जाए।
कोई भी योग्य मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न हो
राज्य सरकार की ओर से सदन में पारित संकल्प में संविधान के अनुच्छेद 326 का भी उल्लेख किया गया। इसमें कहा गया कि सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार प्रत्येक पात्र नागरिक का संवैधानिक अधिकार है।
सरकार का कहना है कि प्रक्रिया से जुड़ी किसी भी जटिलता के कारण योग्य मतदाता को उसके इस अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।
सदन में चर्चा के बाद सरकार ने इस संकल्प को भारत निर्वाचन आयोग और अन्य सक्षम प्राधिकारों के पास भेजने का प्रस्ताव भी रखा।
38 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं के नाम हटने या संदेह के दायरे में होने का दावा
SIR को लेकर झारखंड सरकार ने अपने संकल्प में दावा किया कि राज्य के कुल मतदाताओं में 38 प्रतिशत से अधिक ऐसे हैं, जिनके नाम या तो मतदाता सूची से हटाए जा चुके हैं या फिर उन्हें संदिग्ध मानते हुए नोटिस जारी किए गए हैं।
सरकार के अनुसार, नोटिस जारी किए गए मामलों में 75 प्रतिशत से अधिक मामले माता-पिता के नाम की वर्तनी में अंतर, उम्र से जुड़ी विसंगतियों और अन्य तार्किक त्रुटियों से संबंधित हैं।
सरकार ने झारखंड की सामाजिक और सांस्कृतिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए कहा कि आदिवासी बहुल राज्य में SIR लागू करते समय विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। खासकर पीवीटीजी समुदाय के लोगों के पास जरूरी दस्तावेजों की कमी और जागरूकता का अभाव इस प्रक्रिया में बड़ी चुनौती बन सकता है।
पासवान बोले- बांस के चोंगा में रखते हैं कागजात, दीमक कर देती है नष्ट
सदन में SIR पर चर्चा के दौरान राजद विधायक सुरेश पासवान ने केंद्र सरकार पर गरीबों के वोट काटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गरीब तबका वैसे भी भाजपा को वोट नहीं देता है और इसी वजह से केंद्र के निर्देश पर उन्हें मताधिकार से वंचित करने की कोशिश की जा रही है।
सुरेश पासवान ने कहा कि झारखंड के गरीब और आदिवासी समुदाय के लोग मिट्टी के घरों में बांस से बने चोंगा में अपने जरूरी दस्तावेज सुरक्षित रखते हैं। कई बार घरों में दीमक लगने से बांस के चोंगा के साथ उनमें रखे कागजात भी नष्ट हो जाते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में भी इसी तरह गरीबों के नाम मतदाता सूची से कटवाकर भाजपा सत्ता हासिल करने में सफल रही थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.