यूपी पुलिस में बड़ा फेरबदल, 183 इंस्पेक्टरों के तबादले; लखनऊ कमिश्नरेट से 56 बाहर

HIGHLIGHTS
- यूपी पुलिस मुख्यालय ने 183 इंस्पेक्टरों के तबादले किए हैं।
- लखनऊ कमिश्नरेट से 56 इंस्पेक्टरों को दूसरे स्थानों पर भेजा गया है।
- कानपुर कमिश्नरेट से 14 इंस्पेक्टर लखनऊ कमिश्नरेट आए हैं।
विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर चल रही तैयारियों के बीच पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस मुख्यालय की ओर से 183 इंस्पेक्टरों का तबादला किया गया है। इस सूची में लखनऊ कमिश्नरेट के 56 इंस्पेक्टरों को दूसरे स्थानों पर भेजा गया है, जबकि कानपुर कमिश्नरेट के 14 इंस्पेक्टरों को लखनऊ कमिश्नरेट में तैनाती मिली है। इसके साथ ही कानपुर से तीन इंस्पेक्टरों को लखनऊ जोन में भेजा गया है।
तबादले उन इंस्पेक्टरों के किए गए हैं, जिन्होंने किसी एक जिले में तीन साल का कार्यकाल पूरा कर लिया है या 31 मई 2027 तक पिछले चार वर्षों में तीन साल की अवधि पूरी करने वाले हैं। पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) आरडी चौरसिया की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि जोन, जनपद और कमिश्नरेट स्तर पर समायोजन नहीं हो पाने के चलते पुलिस आयुक्तों के अनुरोध पर ये स्थानांतरण किए गए हैं।
लखनऊ कमिश्नरेट से स्थानांतरित किए गए 56 इंस्पेक्टरों में से अधिकांश को वाराणसी, कानपुर, प्रयागराज, गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद कमिश्नरेट भेजा गया है। इनमें नागेश उपाध्याय, भानु प्रताप सिंह और सुनील कुमार आजाद को लखनऊ जोन में तैनाती दी गई है। वहीं, विक्रम सिंह को विजिलेंस, अरविंद कुमार को सीआईडी और अनवार अहमद को आर्थिक अपराध शाखा भेजा गया है।
दूसरी तरफ, कानपुर कमिश्नरेट से लखनऊ कमिश्नरेट आने वाले 14 इंस्पेक्टरों में रवींद्र श्रीवास्तव, शैलेंद्र प्रताप सिंह, दीनानाथ मिश्रा, अभिमान सिंह, अशोक कुमार दुबे, आनंद कुमार पांडेय, सभाजीत मिश्र, संतोष कुमार शुक्ला, अखिलेश कुमार, सुधीर कुमार, सुभाष सिंह यादव, भूपेंद्र सिंह यादव, अशोक कुमार सरोज और ललित कुमार के नाम शामिल हैं। वहीं, इकबाल हैदर, ब्रजेश कुमार और कमर सुल्ताना को लखनऊ जोन में तैनाती दी गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.