झारखंड में दिल दहला देने वाली वारदात, मोबाइल पर रील बनाती थी बेटी; माता-पिता ने की हत्या

HIGHLIGHTS
- झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के लायाडीह गांव में 14 वर्षीय बच्ची की हत्या का मामला सामने आया।
- मोबाइल फोन पर अधिक समय बिताने और रील बनाने को लेकर माता-पिता नाराज थे।
- पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर को बच्ची की माता-पिता से कहासुनी हुई थी।
जमशेदपुर। मोबाइल फोन पर ज्यादा समय बिताने और सोशल मीडिया पर रील बनाने से नाराज माता-पिता ने अपनी 14 वर्षीय बेटी की डंडे से पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद सबूत मिटाने के इरादे से दोनों ने बच्ची का शव गांव की एक बंद पड़ी पत्थर खदान में फेंक दिया। पूर्वी सिंहभूम जिले के कमलपुर थाना क्षेत्र के लायाडीह गांव में हुई इस घटना में पुलिस ने आरोपी पिता रवींद्र मुर्मू और मां सुमानी को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों ने कथित तौर पर अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली कनकलता मुर्मू की 10 नवंबर को मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर अपने माता-पिता से बहस हुई थी। इस बात से नाराज होकर दंपती ने उसकी डंडे से बुरी तरह पिटाई की, जिससे उसकी जान चली गई। इसके बाद उन्होंने शव को गांव की सुनसान पड़ी पत्थर खदान में फेंक दिया।
घटना के तीन दिन बाद, 13 नवंबर को खदान से बच्ची का शव बरामद किया गया। हत्या के बाद आरोपी माता-पिता ने ग्रामीणों और पुलिस को गुमराह करने के लिए बेटी के लापता होने की बात कही थी।
हालांकि, बच्ची का शव मिलने के बाद पुलिस को माता-पिता के व्यवहार पर शक हुआ। लेकिन पुख्ता सबूत नहीं होने की वजह से उस समय तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की जा सकी।
इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय खुफिया जानकारी के सहारे जांच को आगे बढ़ाया। संदेह बढ़ने पर दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। इस दौरान उन्होंने कथित तौर पर बेटी की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.