MMDR संशोधन 2026 पर झारखंड सरकार का विरोध, मंत्री योगेंद्र प्रसाद बोले- राज्य के अधिकार न छीने केंद्र

HIGHLIGHTS
- झारखंड के मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने MMDR संशोधन 2026 का विरोध किया।
- मंत्री ने कहा कि राज्य के अधिकारों को छीनने का प्रयास नहीं होना चाहिए।
- संशोधन वापस होने तक सदन से सड़क तक विरोध जारी रखने की बात कही।
झारखंड। राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने केंद्र सरकार के खान-खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम (एमएमडीआर) में संशोधन का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि राज्य के अधिकारों को छीनने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए। मंत्री ने स्पष्ट किया कि खान-खनिज अधिनियम संशोधन 2026 वापस लिए जाने तक राज्य सरकार सदन से लेकर सड़क तक इसका विरोध जारी रखेगी।
योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि खनिज से प्राप्त होने वाली रॉयल्टी और उससे जुड़े सेस के आधार पर खनन प्रभावित इलाकों में विकास कार्य किए जाते हैं। जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) के जरिए इन क्षेत्रों में विकास गतिविधियां संचालित होती हैं। उन्होंने कहा कि यह किसी सरकार की कृपा नहीं, बल्कि खनन प्रभावित लोगों और राज्य का अधिकार है।
भाजपा की ओर से डीएमएफटी और सेस को लेकर दिए जा रहे बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा कि खनन प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को प्रदूषित हवा और पानी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे इलाकों के विकास के लिए डीएमएफटी की राशि खर्च की जाती है। उन्होंने बताया कि खनिज से मिलने वाली रॉयल्टी के आधार पर प्रभावित क्षेत्रों में आनुपातिक रूप से विकास गतिविधियों को आगे बढ़ाया जाता है।
मंत्री ने एमएमडीआर संशोधन के चलते झारखंड को करीब 13 हजार करोड़ रुपये का नुकसान होने की आशंका जताई। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी राशि का नुकसान होने पर इसका सीधा प्रभाव आम लोगों और विकास योजनाओं पर पड़ेगा। उनके अनुसार, इससे मंईयां सम्मान योजना, मुफ्त बिजली, बिजली बिल माफी, सर्वजन पेंशन योजना और पत्रकारों के लिए शुरू की गई योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं।
योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि राज्य सरकार की चिंता केवल राजस्व के नुकसान तक सीमित नहीं है। इसका असर विकास की रफ्तार और समाज के कमजोर वर्गों तक पहुंचने वाली योजनाओं पर भी पड़ सकता है। उन्होंने केंद्र सरकार से एक बार फिर खान-खनिज अधिनियम संशोधन 2026 को वापस लेने की मांग की।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.