टाटा मोटर्स जमशेदपुर प्लांट में आंदोलन का असर, 5 हजार कर्मचारी-अधिकारी बिना ड्यूटी किए लौटे

HIGHLIGHTS
- टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट में आंदोलन के चलते सभी गेट बंद रहे।
- 'ए' और जनरल शिफ्ट के करीब 5 हजार कर्मचारी-अधिकारी बिना ड्यूटी किए लौटे।
- इंजन डिवीजन के कर्मचारी सुबोध पात्रो की शनिवार रात अस्पताल में मौत हो गई थी।
जमशेदपुर। टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट में जारी आंदोलन का असर बुधवार सुबह देखने को मिला। 'ए' (A) और जनरल शिफ्ट में आए किसी भी कर्मचारी या अधिकारी को प्लांट के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया। इसके चलते करीब 5,000 मजदूर और अधिकारी बिना ड्यूटी किए वापस घर लौट गए।
दरअसल, टाटा मोटर्स के इंजन डिवीजन में कुछ दिन पहले कर्मचारी सुबोध पात्रो दुर्घटना में घायल हो गए थे। उनके बेटे सहदेव पात्रो का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन ने इस घटना को 'इंजरी ऑन ड्यूटी' (Injury on Duty) के रूप में दर्ज नहीं किया। प्राथमिक उपचार के बाद सुबोध को घर भेज दिया गया था।
इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और शनिवार रात करीब 10 बजे टाटा मोटर्स अस्पताल में उनकी मौत हो गई। इस घटना से नाराज परिजनों और मजदूर नेता बंटी सिंह ने रविवार से कंपनी के मुख्य गेट पर जाम लगा दिया।
अब तक कर्मचारी और अधिकारी आवाजाही के लिए दूसरी कंपनी टेल्कोन के गेट का इस्तेमाल कर रहे थे। वे पैदल अपने कार्यस्थल से बाहर निकलते और वहां खड़ी बसों में बैठकर आते-जाते थे। आंदोलनकारियों को इसकी जानकारी मिलने के बाद बुधवार सुबह कैंटीन गेट और टेल्कोन गेट समेत सभी वैकल्पिक रास्तों को भी बंद कर दिया गया।
इस वजह से कर्मचारी बसों से प्लांट तक तो पहुंचे, लेकिन उन्हें अंदर प्रवेश नहीं मिला। जनरल शिफ्ट के अधिकारी भी बिना ड्यूटी किए वापस लौट गए। इस गतिरोध के चलते कंपनी को उत्पादन का नुकसान हुआ, वहीं ड्यूटी पर नहीं पहुंच पाने से कर्मचारियों को भी आर्थिक नुकसान की आशंका है।
कर्मचारियों के सामने अब हाजिरी को लेकर भी चिंता बनी हुई है। उनका कहना है कि वे सुबह चार बजे घर से निकले और कंपनी की बस से गेट तक पहुंचे, लेकिन अंदर जाने की अनुमति नहीं मिली।
घर लौटने के बाद सुबह करीब नौ बजे प्रबंधन की ओर से सूचना दी गई कि स्थिति सामान्य हो गई है और सभी कर्मचारी अपनी व्यवस्था से ड्यूटी पर पहुंचें। इसके बाद कर्मचारी दोबारा काम पर जाने के लिए निकले। कुछ कर्मचारी आधे रास्ते तक पहुंच चुके थे, तभी उन्हें फोन पर दोबारा बताया गया कि 'ए' और जनरल शिफ्ट की ड्यूटी रद्द कर दी गई है।
अब कर्मचारियों को आशंका है कि उनकी आज की हाजिरी दर्ज होगी या नहीं। उन्हें यह भी डर है कि कंपनी प्रबंधन उनकी बात सुने बिना 'ब्लॉक क्लोजर' का हवाला देकर आधे दिन का वेतन या कैजुअल लीव (CL) काट सकता है। इस पूरे घटनाक्रम से कंपनी को करोड़ों रुपये का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
सुबह 10 बजे से दोबारा शुरू हुई बातचीत
कंपनी को हुए नुकसान के बाद प्रबंधन ने आंदोलनकारियों से बातचीत की पहल की है। प्रबंधन उन्हें वार्ता के लिए बुलाने के साथ सभी गेटों से जाम हटाने की अपील कर रहा है। प्रबंधन का कहना है कि यदि कंपनी परिसर में कोई दुर्घटना हुई है, तो उसकी निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। तब तक गेट खोलकर कर्मचारियों को अंदर आने दिया जाना चाहिए।
वहीं, मृतक के परिजनों और मजदूर नेता बंटी सिंह का कहना है कि जब दुर्घटना की रिपोर्ट ही दर्ज नहीं की गई, तो जांच किस बात की होगी? उनका कहना है कि इस मामले में कारखाना निरीक्षक (Factory Inspector) पहले भी जांच कर चुके हैं, लेकिन उसका कोई नतीजा नहीं निकला। ऐसे में अब दोबारा जांच की बात करना बेमानी है।
मृतक के परिजन कंपनी परिसर में हुई दुर्घटना के लिए 1.50 करोड़ रुपये का मुआवजा, मृतक के आश्रित को स्थायी नौकरी और पीएफ (PF), सामाजिक सुरक्षा तथा ग्रेच्युटी के तहत मिलने वाली पूरी राशि के भुगतान की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल जिला प्रशासन की अध्यक्षता में तीनों पक्षों के बीच वार्ता जारी है। अब इस बातचीत का क्या नतीजा निकलता है, यह देखना होगा। क्या मृतक के आश्रित को उचित मुआवजा मिलेगा या आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.