यूपी में टैक्स फ्री हुई गो संरक्षण पर आधारित फिल्म ‘गोदान’

यूपी। राज्य सरकार ने गो संरक्षण के संदेश पर आधारित फिल्म ‘गोदान’ को प्रदेश में टैक्स फ्री करने का फैसला किया है। विनोद चौधरी के निर्देशन और निर्माण में बनी यह फिल्म शुक्रवार से देशभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित की जा रही है। सरकार का कहना है कि इस पहल से गो संरक्षण से जुड़ा विचार समाज के बड़े वर्ग तक पहुंचेगा और लोगों में जागरूकता बढ़ेगी।
भारतीय संस्कृति में गोवंश की अहम भूमिका और पंचगव्य से जुड़े वैज्ञानिक पहलुओं को केंद्र में रखकर इस फिल्म का निर्माण किया गया है। फिल्म के निर्माता-निर्देशक हाल ही में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर चुके हैं। करीब दो घंटे की अवधि वाली इस फिल्म में गाय के धार्मिक, सामाजिक और व्यवहारिक महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
सरकार के टैक्स फ्री निर्णय के बाद टिकट की कीमतों में कमी आएगी, जिससे ज्यादा से ज्यादा दर्शक फिल्म देख सकेंगे। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में गो संरक्षण को लेकर सख्त कदम उठाए गए हैं। गो-तस्करी के खिलाफ कठोर कार्रवाई के साथ-साथ बीते नौ वर्षों में साढ़े सात हजार से अधिक गो-आश्रय स्थलों की स्थापना की गई है, जहां 12 लाख से ज्यादा निराश्रित गोवंश की देखभाल की जा रही है।
इसके अलावा प्रत्येक जिले में गो संरक्षण समितियों का गठन किया गया है और जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को इसका नोडल अधिकारी बनाया गया है, ताकि संरक्षण से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.