यूपी पुलिस में बड़े फेरबदल की तैयारी, आठ जिलों को मिल सकते हैं नए कप्तान

HIGHLIGHTS
- विधानसभा चुनाव 2027 से पहले यूपी पुलिस में बड़े फेरबदल की तैयारी।
- चुनाव आयोग की गाइडलाइन के तहत 30 नवंबर तक तबादलों की प्रक्रिया पूरी करनी है।
- 26 से 28 नवंबर के बीच तबादलों की बड़ी सूची जारी होने की संभावना।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर तबादलों की तैयारी चल रही है। चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत 30 नवंबर तक स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी कर इसकी रिपोर्ट भेजी जानी है। इसी को ध्यान में रखते हुए शासन और पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों की तैनाती को लेकर चल रही चर्चा अब अंतिम चरण में पहुंच गई है।
संभावना है कि 26 से 28 नवंबर के बीच तबादलों की बड़ी सूची जारी हो सकती है। इस सूची में आठ जिलों के पुलिस कप्तान बदले जा सकते हैं। इसके अलावा एडीजी जोन, आईजी रेंज और पुलिस कमिश्नरेट के शीर्ष पदों पर भी बदलाव होने की संभावना है। तीन एडीजी स्तर के अधिकारियों की तैनाती में फेरबदल की चर्चा है। एडीजी कानून-व्यवस्था के पद को लेकर भी विचार-विमर्श किया जा रहा है।
अधिकारियों को हटाने के निर्देश
इस बार तबादलों का फैसला केवल अधिकारियों की वर्तमान तैनाती की अवधि के आधार पर नहीं होगा। पिछले विधानसभा चुनाव और उसके बाद हुए उपचुनावों के दौरान उनकी तैनाती का रिकॉर्ड भी देखा जा रहा है। चुनाव आयोग ने 31 मई 2027 को आधार मानते हुए निर्धारित कार्यकाल पूरा कर चुके अधिकारियों को हटाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही गृह जिले में तैनात अधिकारियों और चुनाव के दौरान संबंधित क्षेत्र में जिम्मेदारी संभाल चुके अधिकारियों के मामलों की भी जांच की जा रही है।
इस प्रक्रिया के दायरे में एडीजी जोन, आईजी रेंज, पुलिस कमिश्नर और जिलों के पुलिस कप्तान तक शामिल होंगे।
चित्रकूट के एसपी अरुण कुमार सिंह की संभावित सेवानिवृत्ति भी तबादलों की एक वजह बन सकती है। आयोग की गाइडलाइन के अनुसार, 31 मई 2027 तक सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों को तीन साल के कार्यकाल से जुड़े स्थानांतरण प्रावधान से छूट दी गई है। हालांकि, ऐसे अधिकारियों को चुनाव से संबंधित महत्वपूर्ण पदों पर तैनात नहीं किया जा सकता। इसी वजह से चित्रकूट में नए पुलिस कप्तान की नियुक्ति पहले ही की जा सकती है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.