घने कोहरे में हाईवे पर दर्दनाक हादसा, ट्रक चालक की मौत, चार लोग घायल

रेवाड़ी। सोमवार रात दिल्ली–जयपुर हाईवे पर घने कोहरे के चलते बड़ा सड़क हादसा हो गया। आसलवास गांव के पास सड़क किनारे खड़े एक कैंटर से तेज रफ्तार ट्रक टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को वाहन से बाहर निकालने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान पीछे से आई एक इनोवा कार पुलिस की जिप्सी से जा टकराई। इस दूसरी टक्कर में इनोवा चालक और एक अन्य व्यक्ति को गंभीर चोटें आईं। राहत की बात यह रही कि उस समय पुलिस वाहन में कोई कर्मी मौजूद नहीं था।
पुलिस के अनुसार, ट्रक कोटपूतली से भिवाड़ी की ओर जा रहा था, तभी कोहरे के कारण चालक को सड़क किनारे खड़ा कैंटर दिखाई नहीं दिया और हादसा हो गया। मृतक की पहचान राजस्थान के बहरोड़ निवासी मनोज कुमार के रूप में हुई है। घायल व्यक्तियों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि शव को बावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के शवगृह में रखवाया गया है।
यातायात बाधित
दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर सड़क साफ कराई और यातायात बहाल किया। कसौला थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.