अभिनेता मुश्ताक खान और सुनील पाल अपहरण कांड के दो आरोपी गिरफ्तार

बिजनौर। फिल्म अभिनेता मुश्ताक खान और कॉमेडियन सुनील पाल के अपहरण कर फिरौती वसूलने के मामले में पुलिस को अहम सफलता मिली है। शहर कोतवाली पुलिस ने इस संगठित गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
रविवार को पुलिस ने अर्जुन कर्णवाल (मोहल्ला बुल्ला का चौराहा) और शुभम (मोहल्ला चमरपेड़ा) को हिरासत में लेकर उनका चालान किया। इससे पहले पुलिस ने इस गिरोह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस के अनुसार, गिरोह का सरगना सार्थक उर्फ रिक्की चौधरी है, जबकि अन्य सदस्य उसके साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से वारदातों को अंजाम देते थे। गिरोह पर आर्थिक लाभ के उद्देश्य से अपहरण और फिरौती जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्त होने का आरोप है।
इवेंट के बहाने बुलाकर किया अपहरण
पुलिस जांच में सामने आया कि 20 नवंबर 2024 को आरोपियों ने एक कार्यक्रम का झांसा देकर मुश्ताक खान को दिल्ली से बुलाया और उनका अपहरण कर बिजनौर ले आए। उन्हें नई बस्ती स्थित एक मकान में रखा गया और कथित रूप से धमकाकर 2.20 लाख रुपये वसूले गए। इस संबंध में शहर कोतवाली में मामला दर्ज कराया गया था।
इसके बाद दो दिसंबर को कॉमेडियन सुनील पाल को भी इसी तरह निशाना बनाया गया। उनसे आठ लाख रुपये की फिरौती वसूलने का आरोप है। इस मामले में मुकदमा मेरठ के लालकुर्ती थाने में दर्ज कराया गया था। पुलिस पहले ही नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि एक आरोपी को मेरठ पुलिस ने पकड़कर जेल भेजा था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के बाकी फरार सदस्यों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.