कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड से जुड़े ऋषभ राय की बढ़ीं मुश्किलें, संपत्ति कुर्क करने की तैयारी में पुलिस

HIGHLIGHTS
- कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड की आरोपित श्रद्धा दुबे के करीबी ऋषभ राय की मुश्किलें बढ़ीं।
- ऋषभ पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है।
- अलीगंज पुलिस ने उसकी संपत्ति कुर्क करने के लिए कोर्ट में रिपोर्ट भेजी है।
लखनऊ। कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड की आरोपित मॉडल श्रद्धा दुबे के करीबी रहे ऋषभ राय पर पुलिस का शिकंजा कसने जा रहा है। कई मामलों में वांछित ऋषभ पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है। लंबे समय से उसकी गिरफ्तारी नहीं होने के चलते अब पुलिस उसकी संपत्ति कुर्क करने की तैयारी कर रही है। इस संबंध में अलीगंज पुलिस ने न्यायालय में रिपोर्ट भेज दी है। कोर्ट से आदेश मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कारोबारी शिवा शर्मा के साथ विवाद को लेकर ऋषभ राय का नाम पहले भी सामने आ चुका है। आठ अगस्त 2026 को विभूतिखंड स्थित समिट बिल्डिंग में शिवा शर्मा और ऋषभ के बीच विवाद हुआ था। इस घटना को लेकर विभूतिखंड थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
दोनों की नजदीकियों को लेकर भी रही चर्चा
आरोप है कि ऋषभ ने फोन पर भी शिवा शर्मा को धमकी दी थी। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की थी। वहीं, ऋषभ और शिवा शर्मा हत्याकांड की आरोपित श्रद्धा दुबे के बीच करीबी संबंधों को लेकर भी चर्चा रही थी। दोनों की एक साथ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं।
ऋषभ के जरिए लोगों को धमकाने का आरोप
आरोप है कि श्रद्धा दुबे, ऋषभ की मदद से लोगों को धमकाती थी। अब पुलिस की ताजा कार्रवाई के बाद इस पूरे मामले में ऋषभ की भूमिका एक बार फिर चर्चा में आ गई है।
अलीगंज इंस्पेक्टर ध्रुव कुमार ने बताया कि ऋषभ राय वर्ष 2026 में अलीगंज थाने में दर्ज लूट के मुकदमे में वांछित है। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
मूल रूप से गोरखपुर के बड़हलगंज का रहने वाला ऋषभ मड़ियांव के फैजुल्लागंज में जुड़वा मंदिर के पास रहता है। काफी समय से फरार होने के कारण उसकी संपत्ति कुर्क करने के लिए न्यायालय को रिपोर्ट भेजी गई है। कोर्ट से आदेश मिलने और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.