आगरा से कांग्रेस ने फूंका विधानसभा चुनाव का बिगुल, आराधना मिश्रा मोना ने भाजपा पर बोला हमला

HIGHLIGHTS
- कांग्रेस की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने शनिवार को आगरा से चुनावी अभियान का आगाज किया।
- रोहता नहर चौराहे पर मंडलीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया।
- आराधना मिश्रा मोना ने भाजपा पर मंदिर-मस्जिद की राजनीति करने का आरोप लगाया।
कांग्रेस की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने शनिवार को आगरा से विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंका। रोहता नहर चौराहे पर आयोजित मंडलीय कार्यकर्ता सम्मेलन में उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा मंदिर-मस्जिद की राजनीति करती है। चंदा चोरी की घटना किसी से छिपी नहीं है। काशी और अयोध्या के बाद अब मथुरा में भी लूट करने की कोशिश की जा रही है। इसी को लेकर ‘राधे-राधे कमल खिला दे’ का नारा दिया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार आगरा के पेठा उद्योग और फिरोजाबाद के चूड़ी उद्योग को बंद करने में जुटी है। यहां चीन की चूड़ियां बिक रही हैं। मैनपुरी के किसान परेशान हैं और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ‘राधे-राधे चंदा चोरों को सबक सिखा दे’ का नारा लेकर जनता के बीच पहुंचेगी।
प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि भाजपा सरकार में श्रमिकों की स्थिति बंधुआ मजदूरों जैसी हो गई है। कारखानों में उनसे 12 से 15 घंटे तक काम कराया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में 27 हजार सरकारी स्कूल बंद कर दिए गए, जिससे शिक्षा व्यवस्था ध्वस्त हो गई है और शिक्षा महंगी हो चुकी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश में एनकाउंटर के नाम पर ब्राह्मणों, दलितों और मुस्लिमों की हत्या की जा रही है।
राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी ने कहा कि भाजपा शासन में युवा, किसान और महिलाएं सभी परेशान हैं। अब इस सरकार को सत्ता से हटाने का समय आ गया है।
सम्मेलन में महानगर अध्यक्ष अमित सिंह, जिलाध्यक्ष रामनाथ सिकरवार, पूर्व विधायक अनिल चौधरी, प्रदीप माथुर, मनोज जैन बोहरा, डॉ. मधुरिमा शर्मा, नम्रता दान, गीता शाक्य, राम टंडन, देवेंद्र शर्मा और शानू खान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
मंच पर भिड़े कांग्रेसी
मंडलीय सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष के पहुंचते ही कई कार्यकर्ता मंच पर चढ़ने लगे। इस दौरान कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी हो गई। महानगर अध्यक्ष अमित सिंह और मुकेश डागुर के बीच भी तीखी नोकझोंक हुई। बाद में वरिष्ठ नेताओं ने दोनों को शांत कराया।
आप की बृज क्षेत्र अध्यक्ष कांग्रेस में शामिल
आम आदमी पार्टी की बृज क्षेत्र अध्यक्ष डॉ. हृदेश चौधरी ने शनिवार को मंडलीय सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना के सामने कांग्रेस की सदस्यता ले ली। उनके अलावा अन्य दलों के कई कार्यकर्ता भी कांग्रेस में शामिल हुए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.