आजम खां का छलका दर्द, बोले- जेल में हर रात खुदा से मौत की भीख मांगता था

HIGHLIGHTS
- आजम खां ने कहा कि जेल में हर रात खुदा से मौत की भीख मांगते थे।
- उन्होंने कहा कि उन्हें बदला नहीं, सिर्फ इंसाफ चाहिए।
- सपा नेता ने देश की दूसरी सबसे बड़ी आबादी के अधिकारों को लेकर सवाल उठाया।
जेल की अंधेरी कोठरी में बिताई गई हर रात किस तरह इंसान को अंदर से तोड़ देती है, इसका दर्द रविवार को सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां की बातों में साफ नजर आया। करीब एक साल बाद जेल से बाहर आने के बाद वह सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की जयंती पर समर्थकों के बीच पहुंचे। इस दौरान उनकी आवाज में लंबे समय से दबा दर्द और खामोशी झलकती दिखाई दी।
'हर रात खुदा से मांगता था मौत'
आजम खां ने बताया कि जेल में रहते हुए वह हर रात खुदा से मौत की दुआ मांगते थे, लेकिन मौत भी उनसे रूठी रही। हर शाम इसी अनजाने डर के साथ गुजरती थी कि अगली सुबह कौन-सी बड़ी खबर सामने आएगी। अपनी तकलीफ बयां करने के साथ ही उन्होंने बेरोजगार युवाओं की परेशानी, आत्महत्या कर रहे किसानों और इंसाफ की उम्मीद का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा, 'बदला घटिया लोग लेते हैं, हमें बस इंसाफ चाहिए।' किसी राजनीतिक दल का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि जो लोग लोगों की आजादी छीनना चाहते हैं, उनके इरादों को सफल नहीं होने देना है।
'मुल्क की दूसरी सबसे बड़ी आबादी आखिर कहां जाए?'
सपा नेता ने कहा कि हमारा देश और प्रदेश बेहद खूबसूरत है और इसे बचाने की जिम्मेदारी जनता की है। उन्होंने सवाल उठाया कि इस देश में रहने वाली दूसरी सबसे बड़ी आबादी आखिर कहां जाए? अगर कोई दूसरा देश हमें अपनाने के लिए तैयार है तो उसका नाम बताया जाए। क्या इस देश में रहने वाले लोगों को अपनी जगह और अधिकारों के लिए भी सवाल उठाने पड़ेंगे?
'हम पर हुए जुल्म का बदला नहीं होना चाहिए'
आजम खां ने कहा, 'हम मरना पसंद करेंगे, लेकिन आपसे जुदा होना पसंद नहीं करेंगे।' उनके इस कथन में देश की सामाजिक विविधता और नागरिकों के बीच आपसी जुड़ाव का संदेश नजर आया। उन्होंने समर्थकों से अपील की कि आजादी छीनने की कोशिश करने वालों के मंसूबों को सफल न होने दें।
बदले की राजनीति पर सवाल उठाते हुए आजम ने कहा कि उनके साथ जो जुल्म हुए, उनका बदला नहीं लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बदला घटिया और जालिम लोग लेते हैं, जबकि उन्हें सिर्फ इंसाफ चाहिए। अगर इंसाफ नहीं मिला तो आने वाले वक्त में कोई भी खड़ा होने वाला नहीं रहेगा।
'आने वाला कल बीते कल से बेहतर हो'
आजम खां ने कहा कि दुआ कीजिए कि आने वाला कल बीते हुए कल से अच्छा हो। आवाम और समाजवादी पार्टी को सत्ता मिले। जेल में बिताए समय का जिक्र करते हुए उन्होंने बेरोजगारी और किसानों की स्थिति को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि जेल में वह रोजाना खबरें पढ़ते थे। नौकरी की तैयारी कर रहे पढ़े-लिखे युवा आत्महत्या कर रहे थे और उनके सुसाइड नोट में उनकी तकलीफ दर्ज होती थी। उन्होंने सवाल किया कि आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थितियां बन रही हैं, जिनमें पढ़ाई पूरी करने और नौकरी की तैयारी करने के बाद भी युवाओं को अपनी जिंदगी खत्म करने का फैसला लेना पड़ रहा है।
'क्या ऐसे ही हिंदुस्तान का सपना देखा था हमने'
आजम खां ने कहा कि किसान और मजदूर भी आत्महत्या कर रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि अगर अन्न पैदा करने वाला ही नहीं रहेगा तो दाता कहने वाला कौन होगा। देश में हर दिन सैकड़ों बच्चे आत्महत्या कर रहे हैं। उन्होंने पूछा कि क्या हमने ऐसे ही हिंदुस्तान का सपना देखा था?
उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश को बचाने की जिम्मेदारी जनता की है और आने वाला कल बीते हुए कल से बेहतर होना चाहिए। आजम ने बदले की जगह इंसाफ, नफरत के बजाय आपसी साथ और युवाओं तथा किसानों के लिए बेहतर परिस्थितियां बनाने की जरूरत पर जोर दिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.