तीन मासूम बेटियों के सामने मां की हत्या, रातभर शव के पास रोती रहीं बच्चियां

HIGHLIGHTS
- फिरोजाबाद के नरखी थाना क्षेत्र के कपावली थार गांव में 24 वर्षीय तान्या शर्मा की हत्या।
- शुक्रवार रात गला घोंटने और सिर पर चोट पहुंचाने का आरोप।
- शनिवार सुबह करीब 5 बजे पति गौरव शर्मा घर लौटा तो रसोई में पत्नी का शव मिला।
फिरोजाबाद। यूपी के फिरोजाबाद जिले के नारखी थाना क्षेत्र के कपावली ठार गांव में शुक्रवार रात एक महिला की उसके अविवाहित ममेरे देवर ने कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी। महिला के सिर पर भी चोट पहुंचाई गई। शनिवार सुबह काम से घर लौटे पति ने रसोई में पत्नी का शव पड़ा देखा। पति की शिकायत पर ममेरे भाई के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
देवर की भाभी पर थी बुरी नजर
कपावली ठार गांव के रहने वाले गौरव शर्मा शादी समारोहों में फूलों से सजावट का काम करते हैं। शुक्रवार शाम वह शाहपुर स्थित एक मैरिज होम में काम करने गए थे। गौरव के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब पांच बजे जब वह घर पहुंचे तो उनकी बेटियों ने दरवाजा खोला। पत्नी तनू शर्मा (24) के बारे में पूछने पर बच्चियों ने बताया कि वह रसोई में हैं।
रसोई में पहुंचने पर गौरव ने तनू को मृत अवस्था में पड़ा देखा। उसके गले और माथे पर चोट के निशान थे। घटना की सूचना मिलने पर नारखी थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव पुलिस अभिरक्षा में गांव लाया गया, जहां से परिजन अंतिम संस्कार के लिए ले गए।
बेटी ने बताया रात का घटनाक्रम, पति ने खोली वजह
तनू की शादी वर्ष 2020 में गौरव शर्मा से हुई थी। उनकी तीन बेटियां हैं, जिनमें पांच साल की सौम्या, चार साल की परी और दो माह की आराध्या शामिल हैं। पुलिस की पूछताछ में बड़ी बेटी सौम्या ने बताया कि रात में चाचा घर आए थे। उन्होंने बच्चों को एक कमरे में भेज दिया और खुद उनकी मां से तेज आवाज में बातचीत करने लगे।
मृतका के पति गौरव ने पुलिस को बताया कि उनका ममेरा भाई रोहित, जो सिरसागंज के गुड़िया टीकुर का निवासी है, तनू पर गलत नजर रखता था। वह उस पर शादी करने का दबाव भी बनाता था। गौरव के अनुसार, तनू ने पहले भी रोहित को फटकार लगाई थी और इस बारे में परिवार को बताया था। इसके बाद रोहित से संबंध तोड़ लिए गए थे।
गौरव ने बताया कि घर में पत्नी और बच्चों के साथ उनकी मां रानी देवी भी रहती हैं। शुक्रवार को वह अपनी मौसी रेखा के साथ मायके गुड़िया टीकुर गई थीं। आशंका जताई जा रही है कि मां के घर से बाहर होने की जानकारी मिलने के बाद आरोपी वहां पहुंचा और तनू को अकेला पाकर वारदात को अंजाम दिया।
मां को सोता समझकर रातभर जगाती रहीं मासूम बच्चियां
तनू की हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पांच वर्षीय सौम्या और चार वर्षीय परी अपनी मां के पास पहुंचीं। दोनों बच्चियों को लगा कि उनकी मां सो रही हैं। इसी वजह से वे रातभर उन्हें हिलाकर जगाने की कोशिश करती रहीं और रोती रहीं।
वहीं, दो माह की मासूम आराध्या भी भूख से रातभर बिलखती रही। शनिवार सुबह गौरव घर पहुंचे तो बच्चियां रोती हुई मिलीं। मां की मौत के बाद तीनों बच्चियों के सिर से ममता का साया उठ गया है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.